Tuesday, April 14, 2026

धनबाद और पाकुड़ में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर राजनेताओं और समाजिक संगठनों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.

Share

बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती धूमधाम से पाकुड़ में मनाया गया. जयंती के मौके पर पाकुड़ जिला मुख्यालय के मुख्य समारोह स्थल अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण राजनीतिक दल, सामाजिक संगठन, विद्यार्थी परिषद, हिन्दू संगठन के अलावा सिविल और पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मी, एनजीओ प्रतिनिधियों ने किया और श्रद्धांजलि अर्पित की.

अगर बाबा साहेब का संविधान नहीं होता तो विधायक नहीं बन पाते: इरफान अंसारी

मुख्य समारोह स्थल में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर समेत दर्जनों कार्यकर्ताओ के साथ पहुंचे और बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि आज बाबा साहेब के संविधान के कारण गरीब, दलित, शोषित, पिछड़ा वर्ग आगे बढ़कर राज्य व देश चलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने बाबा साहेब के बताए रास्ते पर चलने पर संकल्प लेने की बात कही. मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि अगर बाबा साहेब का संविधान नहीं होता तो वे विधायक और मंत्री नहीं बन पाते.

वहीं कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा कि बाबा साहेब ने लोगों को जो जीने का मौलिक अधिकार दिया है, उसकी लड़ाई हम सभी संकल्प लेकर लड़ते रहेंगे. उन्होंने कहा कि नाथूराम गोडसे ने गांधी जी की हत्या की और अब उनके चेले बाबा साहेब के संविधान की हत्या करने का प्रयास कर रहे हैं. कांग्रेस नेता ने कहा कि हम सभी को संकल्प के साथ एकजुट होकर चलना है और संविधान को बचाना है. उन्होंने कहा कि संविधान को बचाने का काम राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहा है और हम सभी उनका साथ दे रहे हैं.

धनबाद के निरसा में भी मनाई गई डॉ बीआर अंबेडकर की 135वीं जयंती

धनबाद के चिरकुंडा में भी जगह-जगह पर डॉ बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया. चिरकुंडा नदी धौरा में भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद सिन्हा के नेतृत्व में दर्जनों लोगों की उपस्थिति में डॉ बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया. वहीं चिरकुंडा आंबेडकर चौक पर चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष सुनीता देवी ने वार्ड पार्षदों के साथ डॉ बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.

Read more

Local News