Tuesday, September 22, 2026

दुमका में देवर भाभी के बीच प्रेम संबंध में हत्या का मामला सामने आया है.

Share

  • दुमका: जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र के जरूवाडीह गांव में 7 जून को एक मैदान में गोबर के ढेर के नीचे एक आदिवासी महिला का शव बरामद हुआ. 11 जून को मृतका की पहचान तालझारी थाना क्षेत्र के रंगाबांध गांव की 28 वर्षीय सुकुरमनी सोरेन के रूप में हुई. शनिवार को पुलिस ने हत्या के आरोपी मृतका के देवर मंगल मुर्मू (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मृतका का पर्स, चप्पल, और वोटर आई-कार्ड बरामद किया गया.

दुमका के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि सुकुरमनी सोरेन और मंगल मुर्मू के बीच देवर-भाभी का रिश्ता था, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गया था. सुकुरमनी के पति महीनों तक बाहर काम करते थे, जिसके चलते दो बच्चों की मां सुकुरमनी का अपने देवर मंगल से प्रेम संबंध शुरू हो गया.

एसपी के अनुसार, 4 जून को मंगल ने सुकुरमनी को फोन कर जरमुंडी रेलवे स्टेशन बुलाया. दोनों जरूवाडीह गांव में एक स्थान पर बात कर रहे थे, जहां कुछ ग्रामीणों ने उन्हें देखा. पुलिस जांच में दोनों के मोबाइल का टावर लोकेशन भी घटनास्थल पर मिला. मंगल चाहता था कि सुकुरमनी उसके साथ घर छोड़कर भाग जाए, लेकिन सुकुरमनी ने अपने दो बच्चों की देखभाल का हवाला देकर इनकार कर दिया. इस बात पर दोनों में बहस हुई, और सुकुरमनी ने मंगल को थप्पड़ मार दिया. गुस्से में आकर मंगल ने पत्थर से सिर पर वार कर सुकुरमनी की हत्या कर दी और शव को गोबर के ढेर में छिपा दिया.

एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि पूछताछ में मंगल मुर्मू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि सुकुरमनी उससे प्रेम करती थी, लेकिन हाल ही में उसके भाई (सुकुरमनी का पति) के वापस लौटने से दोनों को परेशानी हो रही थी. जब सुकुरमनी ने उसके साथ भागने से इनकार किया, तो गुस्से में उसने हत्या को अंजाम दिया.

पुलिस ने शुरू की गहन जांच

पुलिस ने मंगल मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त पत्थर सहित अन्य सामग्री बरामद कर ली है. मामले की गहन जांच जारी है ताकि अन्य संभावित पहलुओं का पता लगाया जा सके.

Read more

Local News