रांचीः झारखंड में मानसून के प्रवेश के साथ ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. मौसम केंद्र रांची के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है. इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है.
13 जून को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार, 13 जून को राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है. विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका भी व्यक्त की है.

राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. यहां मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना हैय रांची का अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
14 जून (रविवार) को भी बारिश के संकेत
रविवार, 14 जून को भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. रांची समेत आसपास के इलाकों में भी मेघ गर्जन के साथ वर्षा की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकती हैं मानसूनी गतिविधियां मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 17 जून तक राज्य में मौसम सक्रिय बना रहेगा. विभिन्न जिलों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. मानसून के प्रभाव से तापमान में बहुत अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है. हालांकि अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है.
रांची में तापमान का हाल
राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा. वहीं पिछले 24 घंटे में रांची के अधिकतम तापमान में 4.1 डिग्री सेल्सियस की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई. रांची का न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा.
जमशेदपुर के तापमान में कमी
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा. यहां भी पिछले 24 घंटे में तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस घटा. बोकारो थर्मल में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.3 डिग्री कम दर्ज किया गया.
पलामू में गर्मी बरकरार
हालांकि पलामू प्रमंडल के डालटनगंज में गर्मी का असर बरकरार रहा. यहां राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है. पिछले 24 घंटे में यहां तापमान में मामूली 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई.
स्वचालित मौसम केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, हजारीबाग का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 4.2 डिग्री अधिक रहा. वहीं खूंटी, लोहरदगा, जगन्नाथपुर, सिमडेगा और रांची समेत कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई.
न्यूनतम तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे कम तापमान लातेहार में 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. अधिकांश जिलों में रात का तापमान पिछले 24 घंटे की तुलना में 1 से 3 डिग्री तक बढ़ा, जिससे रातें अपेक्षाकृत उमस भरी रहीं.


