Tuesday, August 11, 2026

छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में लातेहार में महिलाओं ने निकाला मौन मार्च.

Share

लातेहार: जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा पेपर लीक के आरोपों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को लातेहार में महिलाओं ने मौन मार्च निकाला। महिला समूह की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।

मौन जुलूस की शुरुआत शहर स्थित कारगिल पार्क से हुई। महिलाएं शांतिपूर्ण तरीके से मार्च करते हुए मुख्य मार्ग से गुजरीं और समाहरणालय पहुंचीं। यहां प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

छात्रों की मांगों का किया समर्थन

महिला समूह ने आंदोलनरत छात्रों की मांगों का समर्थन किया। प्रदर्शनकारियों ने झारखंड प्रशासनिक सेवा परीक्षा को रद्द करने और परीक्षा से जुड़े कथित अनियमितता के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।

महिलाओं ने छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि युवाओं की शिकायतों को गंभीरता से सुनने के बजाय बल प्रयोग करना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी स्तर पर जिम्मेदारी तय होती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की।

प्रदर्शन में जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, महिला पतंजलि अध्यक्ष सुनीता गुप्ता, महिला नेत्री कल्याणी पाण्डेय, अंजू देवी और महिला समूह की प्रमिला कुमारी समेत कई महिलाएं मौजूद रहीं।

महिला समूह ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं से जुड़े सवाल सीधे युवाओं के भविष्य से संबंधित हैं। इसलिए सरकार को संवाद और जांच के जरिए मामले का समाधान निकालना चाहिए।

Read more

Local News