धनबाद: कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद काजू बगान में शनिवार को एक बार फिर जमीन धंसने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। जमीन में बने नए गोफ में तालाब का पानी तेजी से समाने लगा। आबादी वाले इलाके में दोबारा ऐसी घटना सामने आने से ग्रामीणों ने संभावित भू-धंसान को लेकर चिंता जताई है।
कुछ दिन पहले भी बना था गोफ
बताया गया कि इसी इलाके में कुछ दिन पहले भी जमीन में गोफ बना था। उस समय तालाब का पानी पूरी तरह गोफ में चला गया था। घटना के बाद बीसीसीएल की ओर से गोफ को भरने का काम कराया गया था। अब उसी क्षेत्र के दूसरे हिस्से में दोबारा गोफ बनने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
बड़ी आबादी के बीच हादसे की आशंका
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार नए गोफ में लगातार तालाब का पानी समा रहा है। आसपास काफी संख्या में लोग रहते हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि जमीन धंसने का सिलसिला बढ़ा तो गंभीर हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से मौके का तत्काल निरीक्षण कराने और जरूरी सुरक्षा कदम उठाने की मांग की है।
जुलाई और अगस्त में भी हो चुकी हैं घटनाएं
ग्रामीणों का कहना है कि छाताबाद में इससे पहले भी भू-धंसान की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनके मुताबिक 7 जुलाई और 7 अगस्त को क्षेत्र के दूसरे हिस्से में जमीन धंसने की घटनाओं में करीब दो दर्जन मकान प्रभावित हुए थे। इसके बाद सैकड़ों लोगों को अपने घर छोड़कर अन्य स्थानों पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ा था।
स्थायी समाधान की मांग
लगातार सामने आ रही गोफ और भू-धंसान की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि केवल गोफ की भराई कर देने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उन्होंने क्षेत्र की वैज्ञानिक जांच कराने, जोखिम वाले इलाकों की पहचान करने तथा प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है।
