Tuesday, November 10, 2026

छठ पर क्रिसमस की तर्ज पर सजावट की मांग, शंकर प्रसाद ने CM हेमंत सोरेन को लिखा पत्र

Share

Ranchi News, 9 November 2026: छठ महापर्व के अवसर पर राजधानी रांची के प्रमुख चौक-चौराहों, सड़कों और धार्मिक स्थलों को आकर्षक विद्युत सजावट से रोशन करने की मांग उठी है। पूर्व मंत्री एवं श्री महावीर मंडल के शंकर प्रसाद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर छठ के दौरान विशेष सजावट कराने, प्रमुख घाटों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा और जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने का आग्रह किया है।

छठ पर भी क्रिसमस की तर्ज पर हो विद्युत सजावट

शंकर प्रसाद ने अपने पत्र में कहा है कि झारखंड सरकार की ओर से हर वर्ष 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर रांची शहर में आकर्षक विद्युत सजावट की जाती है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए मांग की कि इसी तरह छठ महापर्व के दौरान भी राजधानी के प्रमुख चौक-चौराहों, सड़कों और धार्मिक स्थलों को रोशनी से सजाया जाए।

उन्होंने कहा कि छठ देश के प्रमुख लोक आस्था के पर्वों में शामिल है और झारखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी पर्वों को समान सम्मान दिया जाना चाहिए।

प्रमुख छठ घाटों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की मांग

पत्र में प्रमुख छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं के ऊपर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने की व्यवस्था करने का भी आग्रह किया गया है। शंकर प्रसाद ने मुख्यमंत्री से इस संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है।

अपर बाजार की आठ सड़कों की मरम्मत कराने का आग्रह

शंकर प्रसाद ने पत्र में रांची के अपर बाजार क्षेत्र की आठ जर्जर सड़कों की स्थिति पर भी चिंता जताई है। उन्होंने जालान रोड, महावीर चौक, श्रद्धानंद रोड, मैकी रोड, काली बाबू स्ट्रीट, आर्यपुरी, शिवपुरी और इंद्रपुरी की सड़कों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।

उनका कहना है कि छठ महापर्व के दौरान व्रती महिलाएं और पुरुष नंगे पांव कई किलोमीटर की दूरी तय कर घाटों तक पहुंचते हैं। ऐसे में टूटी और खराब सड़कों के कारण उन्हें परेशानी होती है और चोट लगने की आशंका भी बनी रहती है। इसलिए पर्व से पहले सड़कों की मरम्मत जरूरी है।

अधिकारियों को भी भेजी गई पत्र की प्रतिलिपि

शंकर प्रसाद ने मुख्यमंत्री से जनहित और धार्मिक आस्था से जुड़े इन मुद्दों पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है। पत्र की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव, रांची के उपायुक्त, सदर अनुमंडल पदाधिकारी और नगर आयुक्त को भी भेजी गई है।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News