देशभर के मेडिकल अभियार्थियों के लिए एक खुशखबरी आई है. गूगल ने अपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म जेमिनी पर फ्री में NEET UG के मॉक टेस्ट शुरू कर दिए हैं. इस फीचर की शुरुआत नई दिल्ली में हुई है. इस फीचर के जरिए छात्रों को बिना किसी खर्च के असली परीक्षा जैसा माहौल मिलने वाला है. अब कोचिंग संस्थानों के महंगे मटेरियल या टेस्ट सीरीज को खरीदने या सिर्फ उनपर ही निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी.
गूगल के एआई चैट मॉडल जेमिनी पर सिर्फ एक साधारण प्रॉम्प्ट लिखने से पूरा पेपर तैयार हो जाता है. गूगल ने अपने इस खास फीचर को बेहतर बनाने के लिए दो नामी एजुकेशन प्लेटफॉर्म्स के साथ हाथ मिलाया है, जिनके नाम फिजिक्स वाला और केयर्स 360 है. इन दोनों की विशेषज्ञता और कंटेंट की मदद से टेस्ट पेपर असली NEET UG के पैटर्न और लेवल के बहुत करीब बनाए गए हैं. इसमें सवालों की संख्या, समय सीमा और कठिनाई सबकुछ मैच करता है. इसमें छात्रों को अपनी तैयारी का सही आकलन करने में मदद मिलेगी.
फ्री में कैसे दें मॉक टेस्ट?
इसका इस्तेमाल करना भी बेहद आसान है. जेमिनी ऐप या वेबसाइट खोलिए और सिर्फ ये टाइप करें – “I want to take a NEET mock exam”. उसके बाद तुरंत ही फुल लेंथ टेस्ट जेनरेट हो जाएगा. परीक्षा के दौरान टाइमर भी दिखता है. जो रियल फील देता है. टेस्ट खत्म होने के बाद जेमिनी सिर्फ स्कोर नहीं बताता, बल्कि हर सवाल का स्टेप बाय स्टेप एक्सप्लेनेशन देता है. गलतियों को पहचानकर कमजोर टॉपिक्स बताता है और सुधार के तरीकों का भी सुक्षाव देता है. यह एक पर्सनलाइज्ड स्टडी पार्टनर की तरह काम करता है, जो स्पीड और एक्यूरेसी दोनों बढ़ाने में मदद करता है.
यह सुविधा पूरी तरह से फ्री है. इसके लिए आपको एक भी रुपया खर्च नहीं करना पड़ेगा. कोई भी छात्र एक भी रुपया खर्च किए बिना इस फीचर का फायदा उठा सकते हैं, बस उसके पास एक गूगल अकाउंट होना अनिवार्य होगा. गूगल ने अभी तक इस सुविधा को सिर्फ इंग्लिश लैंग्वेज में ही लॉन्च किया है, लेकिन भविष्य में इसमें और भी भाषाओं को जोड़ा जा सकता है. ह फीचर पूरे भारत में सभी यूजर्स के लिए एक्टिव है और ऐप व वेब दोनों पर काम करता है.
गूगल पहले ही SAT और JEE Main के लिए ऐसे मॉक टेस्ट ला चुका है. NEET UG को शामिल करके अब मेडिकल स्ट्रीम के छात्रों को भी बड़ा फायदा हो रहा है. एआई की मदद से परीक्षा की तैयारी अब ज्यादा आसान, इंटरैक्टिव और प्रभावी हो गई है. लाखों छात्र जो महंगे कोर्स नहीं कर पाते, उनके लिए यह गेम चेंजर साबित हो सकता है. कुल मिलाकर, जेमिनी अब सिर्फ चैटबॉट नहीं, बल्कि एक स्मार्ट लर्निंग टूल बन चुका है जो आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र को और बेहतर बनाने वाला है.


