Monday, June 15, 2026

गढ़वा में पेट्रोल पंप कर्मी द्वारा गैलन में तेल देने के बदले अतिरिक्त पैसा वसूलने के मामले में पंप को सील कर दिया है.

Share

गढ़वा: जिले में गैलन में पेट्रोल देने के नाम पर हो रही थी अवैध वसूली. वीडियो वायरल और हंगामे के बाद एसडीओ ने जांच की. वायरल वीडियो की जांच के बाद पेट्रोल पंप सील कर दिया गया है. अब पेट्रोल पंप मालिक कार्रवाई के घेरे में आ गए हैं. मामला मेराल थाना क्षेत्र के लातदाग एनएच-39 झारखंड-यूपी सड़क की है, जहां पेट्रोल पंप पर गैलन में पेट्रोल-डीजल देने के नाम पर अतिरिक्त पैसे वसूलने का मामला सामने आया है. मामले के बाद एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

एसडीओ ने जांच में मामला सही पाया

सदर एसडीओ संजय कुमार ने खुद पूरे मामले की जांच की. जांच में मामला सही पाए जाने के बाद पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में पेट्रोल पंप कर्मियों पर आरोप लगा था कि गैलन में डीजल देने के बदले निर्धारित राशि से करीब 200 रुपये अधिक की मांग की जा रही थी. वायरल वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और पूरे मामले की जांच कराई गई. जांच में आरोप सही पाया गया.

जांच के बाद पेट्रोल पंप को किया सील

मामला सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए पेट्रोल पंप को सील कर दिया है. प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि उपभोक्ताओं से अवैध वसूली और नियमों के उल्लंघन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इस कार्रवाई के बाद इलाके के अन्य पेट्रोल पंप संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है.

Read more

Local News