पूर्णिया से खबर है कि किशनगंज में वोटर बनने के लिए बंगाल और बिहार के दो आवास प्रमाण पत्र बनाने का मामला सामने आया है। प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने किशनगंज में समीक्षा के दौरान यह मामला पकड़ा। कई बीएलओ ने गणना प्रपत्र सही से नहीं भरे थे और दस्तावेजों में कई कमियां पाई गईं।
पूर्णिया। बंगाल व बिहार का दो आवास प्रमाण पत्र बनाकर किशनगंज में वोटर बनने का मामला प्रकाश में आया है। उक्त मतदाता ने दो वर्षों के दौरान दो राज्यों से आवास पत्र बनवा लिया।
यह मामला तब पकड़ में आया, जब पूर्णिया के प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार SIR मामले की समीक्षा करने किशनगंज पहुंचे। किशनगंज के कोचाधामन विधान सभा की समीक्षा के दौरान कई चौंकाने वाले मामले पकड़ में आए।
समीक्षा को दौरान यह पाया गया कि कई बीएलओ ने गणना प्रपत्र पंजी, गणना प्रपत्र आदि सही-सही नहीं भरा है। इसमें बहुत सा कॉलम खाली छोड़ दिया गया है। कई गणना प्रपत्रों में तस्वीर अस्पष्ट पाई गई।
प्रथम दृष्टया विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित अभिलेखों के संधारण में कमी पाई गई तथा आवश्यक पर्यवेक्षण का अभाव पाया गया।
इसी दौरान किशनगंज विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या-125 (पंचायत भवन कोल्या, पूरब भाग) के छह मतदाताओं के गणना प्रपत्र में जांच के क्रम में अनियमितता पाई गई।
एक वोटर के दो आवास प्रमाण पत्र
गुलशेना बेगम, ईपिक नंबर WQB 2071603 के गणना प्रपत्र के साथ पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर ग्राम पंचायत से निर्गत आवास प्रमाण-पत्र एवं पोठिया के अंचलाधिकारी द्वारा निर्गत आवास प्रमाण-पत्र संलग्न पाया गया।
दोनों निर्गत प्रमाण पत्रों में उन्हें पश्चिम बस्ती पूर्वा पछूरसिया (उत्तरी दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल) एवं कोलता (प्रखण्ड-पोठिया, जिला किशनगंज) का स्थायी निवासी दर्शाया गया है। यह प्रमाण-पत्र क्रमश: वर्ष 2025 एवं 2023 में निर्गत हुआ है।
वाकी गणना प्रपत्रों में भी खामियां
इसी प्रकार एक अन्य मतदाता उर्से रजा के पिता का नाम गणना प्रपत्र एवं उसके साथ संलग्न 2003 के मतदाता सूची में अंतर पाया गया।
फिरदोस आरा के गणना प्रपत्र में पिता का नाम मो हकीमुद्दीन दर्शाया गया है, जबकि 2003 की मतदाता सूची में उनके पिता का नाम है अथवा नहीं, संबंधित सूची गणना प्रपत्र के साथ संलग्न नहीं है।
असमीरा बेगम के गणना प्रपत्र में पिता का नाम मो युनूस अंकित है, जबकि उक्त प्रपत्र के साथ संलग्न शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र में उनके पिता का नाम युनूस आलम अंकित है।
इस मामले में मतदान केन्द्र संख्या 125 के बीएलओ को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए उनके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई का निर्देश आयुक्त ने दिया।
कोचाधामन में भी मिली समीक्षा के दौरान कई गड़बड़ी
कोचाधामन विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या-229 (मदरसा लोहाडांगा, पश्चिम भाग) के 8 (आठ) मतदाताओं के गणना प्रपत्र की जांच के क्रम में अनियमितता पाई गई।
एक गणना प्रपत्र में निर्वाचक का नाम मो अनवर हुसैन, ईपिक नंबर LYU 22726-49 तथा पिता का नाम मो अनिशुर रहमान अंकित है, जबकि उसके साथ संलग्न 2003 के मतदाता सूची में उनका नाम अनवर आलम तथा पिता का नाम अनिश अंकित है।


