लंदन: ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का सफर निराशाजनक तरीके से खत्म हुआ. रविवार (28 जून) को लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज करते हुए छह विकेट से शानदार जीत हासिल की.
- 171 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए, ऑस्ट्रेलिया ने एलिस पेरी और एशले गार्डनर की बेहतरीन हाफ-सेंचुरी की मदद से एक ओवर बाकी रहते ही जीत हासिल कर ली और भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें खत्म कर दीं.
- इस हार के साथ भारत पांच मैचों में छह अंकों के साथ ग्रुप 1 में तीसरे स्थान पर रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका आठ-आठ अंकों के साथ अंतिम चार में पहुंच गए. टूर्नामेंट में अपनी अब तक की सबसे अच्छी बैटिंग परफॉर्मेंस के बावजूद हरमनप्रीत कौर की टीम के लिए यह एक और दुखद विदाई थी. इस हार की वजह से भारत की टी20 कप्तान के रूप में हरमनप्रीत कौर के सफर पर भी विराम लग सकता है.
- ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से चेज किया
मैच की बात करें तो जीत के लिये 171 रन का लक्ष्य एक ओवर बाकी रहते हासिल करके छह बार की चैम्पियन आस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया. अपना 10वां विश्व कप खेल रही पैरी ने 38 गेंद में 56 और गार्डनर ने 29 गेंद में नाबाद 53 रन बनाये. दोनों ने चौथे विकेट के लिये 100 रन की साझेदारी की. जिसने मैच का रुख ही पलट दिया. - आस्ट्रेलिया की शुरूआत अच्छी नहीं रही और दसवें ओवर में ही 68 रन पर उसके तीन विकेट गिर गए थे. सलामी बल्लेबाज फीबी लिचफील्ड, जॉर्जिया वोल और अनुभवी बेन मूनी सस्ते में आउट हो गए. वोल को पहले ही ओवर में रेणुका सिंह ने पवेलियन भेजा.
- इसके बाद पैरी और गार्डनर ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया. अपने बरसों के अनुभव का पूरा इस्तेमाल करते हुए उन्होंने जोखिम लिये बिना रन बनाये. गार्डनर ने स्पिनर श्री चरणी और शेफाली वर्मा को छक्के लगाये. पैरी ने 33 गेंद में और गार्डनर ने 29 गेंद में अर्धशतक पूरे किये.
- हरमनप्रीत की कोशिश गई बेकार
इससे पहले कप्तान हरमनप्रीत के 27 गेंद में 56 रन की मदद से भारत ने चार विकेट पर 170 रन बनाये हालांकि बाकी भारतीय बल्लेबाज तेजी से रन बनाने में नाकाम रहे. भारत की शुरूआत अच्छी रही और सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (38) और शेफाली वर्मा (34) ने 66 रन की साझेदारी की. दोनों हालांकि तेजी से रन नहीं बना सकी और रनरेट कभी सात के ऊपर नहीं गया. - भारत ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 43 रन बना लिये थे. इसके बाद शेफाली ने आक्रामक खेलने की कोशिश की लेकिन आस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनू को बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में विकेट गंवा बैठी. मंधाना भी ज्यादा देर टिक नहीं सकी और जेमिमा रौड्रिग्स (28 गेंद में 34) के साथ हुई गलतफहमी के कारण एक रन चुराने के प्रयास में पिच के बीच आ गई और डीप से जॉर्जिया वेयरहैम ने गेंदबाज लूसी हैमिल्टन को सटीक थ्रो फेंककर उन्हें रन आउट कर दिया.
- जेमिमा ने मोलिनू को चौका लगाकर शुरूआत की लेकिन बाकी पारी में वह लय कायम नहीं रख सकी. वनडे विश्व कप में आस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत की नायिका रही जेमिमा को 27 के स्कोर पर जीवनदान भी मिला. तेज गेंदबाज अनाबेल सदरलैंड की अगली गेंद पर उन्होंने डीप में छक्का लगाया.
- आखिरी ओवर से पहले वह 28 गेंद में 34 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गई. आक्रामक बल्लेबाज रिचा घोष एक ही गेंद खेल सकी. हरमनप्रीत ने हालांकि तेजी से रन बनाये. उन्होंने 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. आखिरी ओवर में उन्होंने लगातार तीन छक्के जड़े और इस ओवर में 23 रन बने. जिससे भारत 170 तक पहुंचने में सफल रहा, लेकिन गेंदबाज इस स्कोर को डिफेंड नहीं कर सके. जिसकी वजह से वो टूर्नामेंट से बाहर हो गए.
महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत का सफर
टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम पाकिस्तान, नीदरलैंड्स, बांग्लादेश , ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के साथ ग्रुप ए में थी. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 64 रनों से जीतकर अपने अभियान की शुरुआत की. उसके बाद भारतीय टीम ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 95 रनों से जीत दर्ज की. लेकिन साउथ अफ्रीका से उसे 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. उसके बाद उन्होंने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराया, लेकिन अपने आखिरी और अहम मैच में ऑस्ट्रेलिया से 6 विकेट से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए. इस प्रदर्शन के साथ भारत पांच मैचों में छह अंकों के साथ ग्रुप ए में तीसरे स्थान पर रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका आठ-आठ अंकों के साथ अंतिम चार में पहुंच गए.
टूर्नामेंट का सेमीफाइनल मैच कब और कहां होगा?
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप बी से इंग्लैंड और वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंची हैं जबकि ग्रुप ए से ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका अंतिम चार के लिए क्वालीफाई किया है. टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल 30 जून को ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच लंदन के ओवल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल 2 जुलाई को इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच लंदन में ही खेला जाएगा. पहला सेमीफाइनल भारतीय समय के अनुसार शाम 7 बजे शुरू होगा जबकि दूसरा रात में 11 बजे से खेला जाएगा. फाइनल मैच 5 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाएगा.


