Friday, September 11, 2026

UPSC Defence Exam: रांची के 21 केंद्रों पर होगी परीक्षा, 200 मीटर के दायरे में लागू रहेगी निषेधाज्ञा.

Share

रांची: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से आयोजित होने वाली Combined Defence Services Examination (II) और NDA/NA Examination (II), 2026 को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए शहर के 21 परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर के क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू रहेगी।

प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध 13 सितंबर 2026 को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक प्रभावी रहेगा। परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

परीक्षा केंद्रों के आसपास क्या-क्या रहेगा प्रतिबंधित?

सदर रांची के अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत के आदेश के मुताबिक परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में एक जगह पर पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक रहेगी।

इसके अलावा इस क्षेत्र में किसी भी तरह की सभा या बैठक आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी। लाउडस्पीकर और अन्य ध्वनि विस्तारक उपकरणों के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध रहेगा।

हालांकि, सरकारी काम में तैनात अधिकारी-कर्मचारी, अधिकृत सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा जैसे मामलों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।

हथियार लेकर परीक्षा केंद्र के पास पहुंचने पर रोक

परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए हथियार या किसी भी प्रकार के हरवे-हथियार लेकर चलने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन के आदेश में आग्नेयास्त्रों के साथ-साथ लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा और भाला आदि लेकर जाने पर रोक का उल्लेख किया गया है।

सरकारी कार्य में तैनात अधिकृत पदाधिकारी और कर्मचारियों को निर्धारित नियमों के तहत छूट दी गई है।

रांची में 21 जगहों पर परीक्षा केंद्र

UPSC की रक्षा परीक्षाओं के लिए रांची में कई स्कूल-कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें Central Academy, Bariatu Road; St. Aloysius High School, Purulia Road; St. Anna Girls High School; Ursuline Inter College; St. Anna Intermediate College सहित कई संस्थान शामिल हैं।

इसके अलावा Gossner High School, Firaayalal Public School, St. Paul’s College, Government Girls +2 High School, Bariatu, Doranda College और Gossner College में भी परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

परीक्षा के लिए DAV Public School, Gandhi Nagar CCL; Nirmala College, Doranda; JMJ High School, North Office Para; Anita Girls High School, Kanke; Saraswati Shishu Vidya Mandir, Dhurwa; Government +2 High School, Kanke Semartoli और Vivekananda Vidya Mandir, Sector-1 Dhurwa को भी केंद्र बनाया गया है।

इनमें कुछ संस्थानों में Sub-Centre A और Sub-Centre B भी बनाए गए हैं।

प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश

जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ को नियंत्रित करने और प्रतिबंधित गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस एवं दंडाधिकारी तैनात रहेंगे।

प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन कराना प्राथमिकता होगी, ताकि अभ्यर्थी बिना किसी व्यवधान के परीक्षा दे सकें।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी बात

UPSC Defence Exam में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें और प्रशासन की ओर से लागू सुरक्षा एवं प्रवेश संबंधी निर्देशों का पालन करें। परीक्षा केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ से बचना भी जरूरी होगा।

Read more

Local News