Monday, August 3, 2026

TRAI ने पेश किया अपडेटेड MyCall ऐप, अब ग्राहक कर सकेंगे कॉल क्वालिटी की रेटिंग.

Share

नई दिल्ली: भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने अपने MyCall ऐप का नया और बेहतर वर्जन लॉन्च किया है। इस ऐप के माध्यम से मोबाइल यूजर्स अब अपनी कॉलिंग क्वालिटी को रेट कर सकेंगे और नेटवर्क से जुड़ी समस्याओं के बारे में फीडबैक भी दे पाएंगे।

TRAI के अनुसार, यूजर्स के अनुभव और नेटवर्क से जुड़े तकनीकी आंकड़ों के आधार पर टेलीकॉम कंपनियों को सेवा की कमियों को समझने और सुधार करने में मदद मिलेगी।

ऐसे काम करेगा नया MyCall ऐप

TRAI चेयरमैन अनिल कुमार लाहोटी ने ऐप लॉन्च के दौरान बताया कि इसे इस तरह विकसित किया गया है कि ग्राहक के कॉल अनुभव और नेटवर्क से संबंधित तकनीकी जानकारी को एक साथ जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि ऐप का इस्तेमाल पूरी तरह स्वैच्छिक होगा और इसे फोन के कॉलिंग सिस्टम का हिस्सा नहीं बनाया जाएगा।

नए ऐप में यूजर्स किसी कॉल के बाद 1 से 5 स्टार तक रेटिंग दे सकेंगे। अगर किसी कॉल को तीन या उससे कम स्टार मिलते हैं, तो ऐप यूजर से समस्या का कारण पूछेगा। इसमें कॉल ड्रॉप, आवाज में रुकावट, इको की समस्या, कॉल कनेक्ट होने में परेशानी जैसी शिकायतों को दर्ज करने का विकल्प मिलेगा।

TRAI ने MyCall ऐप को पहली बार करीब नौ साल पहले लॉन्च किया था। नए अपडेट में इसे एंड्रॉयड 12 और इसके बाद के वर्जन के लिए अनुकूल बनाया गया है। इसके अलावा इसमें नेटवर्क कवरेज टेस्ट, बहुभाषी सपोर्ट और बेहतर नेटवर्क विश्लेषण जैसे फीचर भी जोड़े गए हैं।

यूजर डेटा और प्राइवेसी पर TRAI की सफाई

ऐप की प्राइवेसी को लेकर TRAI ने स्पष्ट किया है कि MyCall केवल जरूरी तकनीकी जानकारी जैसे सिग्नल स्ट्रेंथ और लोकेशन डेटा एकत्र करता है। TRAI चेयरमैन के मुताबिक, ऐप यूजर का नाम या मोबाइल नंबर जैसी व्यक्तिगत जानकारी रिकॉर्ड नहीं करता।

उन्होंने कहा कि अगर कोई ग्राहक लोकेशन या सिग्नल डेटा साझा नहीं करता है तो तकनीकी विश्लेषण की उपयोगिता प्रभावित हो सकती है, लेकिन व्यक्तिगत पहचान से जुड़ी जानकारी एकत्र नहीं की जाती।

TRAI के अनुसार, ऐप से मिलने वाला अनाम (anonymous) डेटा टेलीकॉम कंपनियों के साथ साझा किया जाएगा, ताकि नेटवर्क सेवाओं में सुधार किया जा सके। हालांकि, केवल ग्राहकों की रेटिंग के आधार पर किसी टेलीकॉम कंपनी पर कार्रवाई या जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। इसके लिए तकनीकी मानकों को आधार बनाया जाएगा।

फिलहाल एंड्रॉयड यूजर्स के लिए उपलब्ध

अभी नया MyCall ऐप केवल गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। आईफोन यूजर्स के लिए ऐप स्टोर पर इसकी उपलब्धता तकनीकी कारणों से अभी शुरू नहीं हो सकी है।

TRAI ने यह भी बताया कि भविष्य में ग्राहकों से मिले फीडबैक के आधार पर एक सार्वजनिक डैशबोर्ड उपलब्ध कराने की योजना है, जिसमें नेटवर्क क्वालिटी से जुड़ी जानकारी दिखाई जा सकेगी।

Read more

Local News