Monday, August 3, 2026

Ranchi News: चैंबर और BIT मेसरा ने आयोजित की ‘AI Uses in Business’ कार्यशाला, उद्योग जगत को दी गई नई तकनीक की जानकारी.

Share

रांची: झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FJCCI) और BIT मेसरा के संयुक्त प्रयास से सोमवार को चैंबर भवन में ‘AI Uses in Business’ विषय पर एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यक्रम दोनों संस्थानों के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के बाद आयोजित पहला संयुक्त आयोजन था।

कार्यशाला का उद्देश्य व्यापार और उद्योग क्षेत्र से जुड़े लोगों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के व्यावहारिक उपयोग, संभावनाओं और बदलते कारोबारी परिदृश्य में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी देना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए FJCCI के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि वर्तमान समय में AI व्यवसायों के लिए एक महत्वपूर्ण तकनीक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धी माहौल में आगे बढ़ने के लिए उद्योग जगत को नई तकनीकों को अपनाने की दिशा में लगातार प्रयास करना होगा।

FJCCI के महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि संस्था उद्यमियों, सदस्यों और युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

स्किल डेवलपमेंट सब-कमेटी के चेयरमैन आलोक सिंह ने बताया कि यह कार्यशाला चैंबर और BIT मेसरा के बीच हुई साझेदारी की पहली उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस सहयोग के तहत आने वाले समय में AI, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, नेतृत्व क्षमता, इनोवेशन और अन्य आधुनिक तकनीकों से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यशाला में BIT मेसरा के विशेषज्ञ डॉ. सत्यजीत महतो ने व्यवसायों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि AI की मदद से कंपनियां अपनी उत्पादकता बढ़ा सकती हैं, बेहतर निर्णय ले सकती हैं और भविष्य की कारोबारी चुनौतियों के लिए खुद को तैयार कर सकती हैं। इस दौरान डॉ. आशुतोष मिश्रा भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में FJCCI के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया और राम बांगड़, संयुक्त सचिव नवजोत अलंग एवं रोहित पोद्दार तथा कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन स्किल डेवलपमेंट सब-कमेटी की सदस्य खुशबू सिंघानिया ने किया। वहीं चेयरमैन प्रियंक भगत ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार जताया।

इस कार्यशाला में चैंबर के पदाधिकारियों, उद्योग प्रतिनिधियों, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य उद्योग और शिक्षा संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत करना तथा झारखंड में तकनीकी ज्ञान और कौशल विकास को बढ़ावा देना है।

Read more

Local News