नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है. टीम इंडिया का तेज रफ्तार गेंदबाज 17 महीने बाद क्रिकेट के मैदान पर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार है. इस खबर ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. ये खिलाड़ी चोट और बीमारी के चलते पूरे 2024-25 घरेलू सत्र और आईपीएल 2025 से भी बाहर रहा था. अब वो गेंद के साथ अपनी रफ्तार का जादू एक बार फिर दिखाने के लिए बेताब हैं.
- जी हां, हम बात कर रहे हैं भारत के तेज गेंदबाज उमरान मलिक की, जो लगातार 150 से 155 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं. अब चोट से पूरी तरह उभरने के बाद जम्मू-कश्मीर का ये तेज गेंदबाज मौजूदा बुची बाबू टूर्नामेंट और आगामी रणजी ट्रॉफी में वापसी के करने वाला है.
- 25 वर्षीय उमरान मलिक 18 अगस्त से चेन्नई में शुरू हुए बुची बाबू टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में हिस्सा नहीं ले रहे हैं. वो 22 अगस्त से बड़ौदा के खिलाफ जम्मू कश्मीर के लिए दूसरे दौर के मैच में खेलेंगे. मलिक को आखिरी बार आईपीएल 2024 में खेलते हुए देखा गया था. इसके बाद हैमस्ट्रिंग और कूल्हे की चोटों से उबरने में उन्हें काफी समय लगा. अब वो 17 महीनों बाद क्रिकेट खेलते हुए नजर आएंगे.
- बुची बाबू टूर्नामेंट में खेलने पर उमरान मलिक ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो के साथ बात करते हुए कहा, ‘मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं. मैंने लंबे समय से क्रिकेट नहीं खेला है. मैं सात-आठ महीने तक चोटिल रहा. यह संघर्षपूर्ण दौर था. वापसी करके बहुत अच्छा लग रहा है. मैंने कश्मीर में कई लाल गेंद और टी20 मैच खेले हैं. यह हमारा पंजीकरण शिविर था. हम बुची बाबू टूर्नामेंट के लिए चेन्नई आए हैं. यह मेरे शरीर के कार्यभार के लिए अच्छा है. मैं वापस आ गया हूं और इस सीजन में अच्छा प्रदर्शन करूंगा. यही मेरा लक्ष्य है’.
- उन्होंने आगे कहा, ‘अब मैं पूरी लय में गेंदबाजी करूंगा. मैं एक खिलाड़ी हूं और सोशल मीडिया पर ध्यान नहीं देता हूं. मैं क्रिकेट खेलना चाहता हूं, मैं बस अपने शरीर को चोटों से बचाना चाहता हूं और अच्छा क्रिकेट खेलना चाहता हूं. मैं भारत के लिए खेलना चाहता हूं और यही मेरा लक्ष्य है’.
- बता दें कि उमरान मलिक ने अपने रिहैबिलिटेशन के दौरान लगभग छह महीने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में बिताए, जहां उन्होंने अपनी टीम के साथ काम किया और अपनी फिटनेस दोबारा हासिल कर ली है.
इस भारतीय गेंदबाज ने आईपीएल 2022 में सबका ध्यान पहली बार अपनी ओर खींचा था. उन्होंने सनराइजर्स के लिए 156.9 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी और टूर्नामेंट में 22 विकेट लेकर सभी को अपना दीवाना बना दिया. उन्होंने भारत के लिए 8 टी20 मैचों में 11 और 10 वनडे मैचों में 13 विकेट चटकाए हैं. वो आईपीएल में 26 मैचों में 29 विकेट हासिल कर चुके हैं.


