Latehar/Lohardaga News: SIR अभियान को लेकर CEO के. रवि कुमार का निर्देश, बोले- केवल पात्र भारतीय नागरिक ही करें भागीदारी
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के. रवि कुमार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया केवल योग्य भारतीय नागरिकों के लिए है और किसी भी विदेशी नागरिक को इसमें शामिल नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी गैर-भारतीय नागरिक को इन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त होता है, तो वह उसमें हस्ताक्षर न करे और उचित कारण लिखकर उसे संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को वापस कर दे। CEO ने चेतावनी दी कि गलत जानकारी देकर घोषणा करना लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 के तहत दंडनीय अपराध है।
22 जुलाई को ASDD सूची होगी अंतिम
लोहरदगा दौरे के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित BLO और BLA-2 की बैठक तथा चुनाव पाठशाला कार्यक्रम में CEO ने SIR की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर द्वितीय चरण की BLO और BLA-2 बैठक पूरी हो चुकी है। अब 22 जुलाई को होने वाली तीसरी और अंतिम बैठक में ASDD सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची जारी की जाएगी।
CEO ने सभी BLO और BLA-2 को निर्देश दिया कि वर्तमान मतदाता सूची में शामिल किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम प्रारूप सूची से नहीं हटना चाहिए। उन्होंने ASDD सूची तैयार करने में पूरी सावधानी, निष्पक्षता और पारदर्शिता बरतने को कहा।
ASDD सूची में शामिल होंगे पांच प्रकार के नाम
के. रवि कुमार ने बताया कि ASDD सूची में केवल निर्धारित पांच श्रेणियों के मतदाताओं को शामिल किया जाएगा। इनमें शामिल हैं:
- डुप्लीकेट मतदाता
- मृत मतदाता
- स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके मतदाता
- अनुपस्थित या संपर्क में नहीं आने वाले मतदाता
- विदेशी नागरिक
उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों में नियमों के अनुसार सत्यापन किया जाएगा और उसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
लोहरदगा भ्रमण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्र संख्या 259, 260, 261, 272, 273 और 274 का निरीक्षण किया। उन्होंने BLO, BLA-2 और चुनाव पाठशाला से जुड़े सदस्यों से बातचीत कर SIR अभियान की स्थिति और कार्य प्रगति की जानकारी ली।
इस दौरान उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीणा, आईटीडीए निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार, अतिरिक्त AERO मुक्ति किंडो सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


