Tuesday, August 4, 2026

Simdega News: हाथियों के आतंक से प्रभावित गांवों का विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने किया दौरा, ग्रामीणों को बांटी राहत सामग्री.

Share

सिमडेगा: जिले के बोलबा और ठेठईटांगर प्रखंड के हाथी प्रभावित क्षेत्रों का कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने सोमवार को दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने रेंगारिह और समसेरा पारिश क्षेत्र के कई गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और जंगली हाथियों से हुए नुकसान की जानकारी ली।

दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक को बताया कि हाथियों के झुंड ने कई स्थानों पर खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। कुछ जगहों पर घरों और परिसरों की बाउंड्री भी क्षतिग्रस्त हुई है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विधायक ने हाथियों को गांवों से दूर रखने में उपयोगी सामग्री, जैसे पटाखे, तेल और मोबिल आदि उपलब्ध कराए। उन्होंने लोगों से रात के समय सतर्क रहने, अकेले बाहर नहीं निकलने और समूह में रहने की सलाह दी। साथ ही वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की।

नमन विक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि हाथियों की समस्या से निपटने के लिए वन विभाग और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने प्रभावित किसानों और परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा भी दिया।

निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि रावेल लकड़ा, संजय कुजुर समेत कई स्थानीय ग्रामीण और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Read more

Local News