रांची: विद्यार्थियों, शिक्षकों और विश्वविद्यालय कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रांची विश्वविद्यालय का हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (HWC) लगातार विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रहा है। सेंटर की स्थापना 8 अप्रैल 2026 को हुई थी और इसका उद्घाटन कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने किया था।
वर्तमान में HWC का संचालन निदेशक डॉ. एम.पी. हसन के नेतृत्व में किया जा रहा है। केंद्र की गतिविधियों में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ मानसिक स्वास्थ्य, योग और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी शामिल हैं।
74 विद्यार्थियों को मिली काउंसिलिंग सेवा
HWC के माध्यम से अब तक 74 विद्यार्थियों और अन्य लोगों को काउंसिलिंग की सुविधा दी जा चुकी है। मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं के लिए विशेषज्ञों की मदद भी उपलब्ध कराई जा रही है।
केंद्र में प्रतिदिन MBBS चिकित्सक, नर्स और कंपाउंडर की सेवाएं उपलब्ध हैं। डॉक्टर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक मरीजों को देखते हैं, जबकि नर्सिंग स्टाफ शाम 4 बजे तक सेवा देता है।
इसके अलावा सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री (CIP), रांची के छह विशेषज्ञ डॉक्टर और रांची विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के पांच विशेषज्ञ भी नियमित रूप से केंद्र से जुड़े हुए हैं।
योग शिविर में शिक्षक और विद्यार्थी ले रहे हिस्सा
HWC में 10 अगस्त 2026 से विशेष योग शिविर चल रहा है। प्रमाणित योग प्रशिक्षकों की देखरेख में सुबह 8 से 10 बजे तक योगाभ्यास कराया जा रहा है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा भी इस गतिविधि में विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ भाग ले रही हैं।
इससे पहले 5 मई से 31 मई 2026 तक योग विभाग के सहयोग से भी शिविर आयोजित किया गया था।
साइबर साइकोलॉजी पर प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम की तैयारी
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भविष्य में स्वास्थ्य एवं जागरूकता से जुड़े नए कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी कर रहा है। आर्ट ऑफ लिविंग के प्रमाणित प्रशिक्षकों की मदद से एक विशेष प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम आयोजित करने की योजना है।
इसके अलावा साइबर साइकोलॉजी के क्षेत्र में भी प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी की जा रही है। जेयूटी के कुलपति प्रो. डी.के. सिंह ने HWC में मेंटर की भूमिका निभाने पर सहमति जताई है।
मानसिक स्वास्थ्य को लेकर कुलपति ने कही ये बात
कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को केवल बीमारी के इलाज तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को तनाव से बेहतर तरीके से निपटने, आत्मविश्वास बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में मदद करना भी है।
HWC के निदेशक डॉ. एम.पी. हसन के अनुसार, केंद्र का फोकस उपचार के साथ-साथ बीमारी की रोकथाम और स्वास्थ्य जागरूकता पर भी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मानसिक स्थिति बेहतर समाज के निर्माण की बुनियाद है।
