धनबाद: केंदुआ और करकेंद इलाके में बढ़ते पेयजल संकट को लेकर स्थानीय स्तर पर समाधान की कवायद तेज हो गई है। केंदुआ के मछली पट्टी और करकेंद के पासी धौड़ा में कई दिनों से जलापूर्ति प्रभावित होने की शिकायतों के बाद धनबाद विधायक राज सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में तत्काल राहत के साथ दीर्घकालिक समाधान पर भी चर्चा हुई।
18 अगस्त से काम करेगा नया मोटर
बैठक के बाद विधायक ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में नया मोटर लगाया जा चुका है और इसे 18 अगस्त से चालू करने की तैयारी है। इसके शुरू होने के बाद जलापूर्ति के दबाव में सुधार आने की उम्मीद जताई गई है।
केंदुआ में भू-धंसान के कारण क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन को भी दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है। पाइपलाइन को ऊपर उठाकर ठीक किया जा रहा है। काम जल्द पूरा करने के लिए अतिरिक्त श्रमिक और संसाधन लगाए गए हैं।
बिजली समस्या दूर करने के लिए नया ट्रांसफार्मर
जलापूर्ति व्यवस्था में बिजली की बाधा को भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। अधिकारियों को नया ट्रांसफार्मर जल्द चालू कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पानी की आपूर्ति नियमित करने में किसी तरह की रुकावट न रहे।
अतिरिक्त पानी को शहर के नेटवर्क से जोड़ने की योजना
विधायक राज सिन्हा ने बताया कि जलसंकट के स्थायी समाधान के लिए 147 एमएलडी क्षमता वाले एलएंडटी के नए जल संयंत्र से उपलब्ध अतिरिक्त पानी को माडा के नेटवर्क से जोड़ने का प्रस्ताव है।
उनके अनुसार, संयंत्र से बचने वाले करीब 100 एमएलडी पानी को नेटवर्क से जोड़ने की योजना सफल होने पर धनबाद शहर को रोजाना लगभग 80 से 90 एमएलडी अतिरिक्त पानी मिल सकता है।
इस प्रस्ताव पर जिला प्रशासन, नगर विकास विभाग और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों के साथ आगे चर्चा की जाएगी। इसके बाद अंतिम मंजूरी के लिए प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष भेजे जाने की बात कही गई है।
अधिकारियों के साथ हुई विस्तृत समीक्षा
जलसंकट को लेकर हुई बैठक में विभागीय सचिव, माडा के वरिष्ठ अभियंता और नगर निगम के अधिकारी शामिल रहे। बैठक में मौजूदा जलापूर्ति व्यवस्था, पाइपलाइन की स्थिति, बिजली की समस्या और भविष्य में पानी की उपलब्धता बढ़ाने के विकल्पों पर विचार किया गया।
