Sunday, October 4, 2026

Ranchi News: JSCA मैच की ड्यूटी में तैनात जवानों के लिए सुविधाओं की मांग, पुलिस एसोसिएशन ने DC-SSP को लिखा पत्र.

Share

Ranchi News: रांची के JSCA स्टेडियम में 9 अक्टूबर को प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर सुरक्षा तैयारियां तेज हैं। मैच की ड्यूटी के लिए राज्य के अलग-अलग जिलों और पुलिस वाहिनियों से बड़ी संख्या में जवानों व पुलिस अधिकारियों की तैनाती रांची में की जा रही है। इसी बीच झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने सुरक्षा ड्यूटी में आने वाले पुलिसकर्मियों के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू की ओर से 3 अक्टूबर को रांची के उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा गया। पत्र में बाहरी जिलों से आने वाले पुलिस बल के ठहरने, भोजन, पेयजल और शौचालय जैसी व्यवस्थाओं को लेकर ध्यान आकृष्ट कराया गया है।

5 अक्टूबर से रांची में तैनाती

एसोसिएशन के अनुसार, विभिन्न जिलों से पुलिस बल 5 अक्टूबर से रांची में ड्यूटी के लिए पहुंचना शुरू करेगा। बड़ी संख्या में जवानों की मौजूदगी को देखते हुए उनके रहने के लिए उपयुक्त हॉल या भवन की व्यवस्था करने की मांग की गई है।

इसके साथ ही पुलिसकर्मियों के लिए स्वच्छ पेयजल और पर्याप्त शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है। एसोसिएशन का कहना है कि आवश्यक इंतजाम नहीं होने की स्थिति में दूर-दराज से आने वाले जवानों को परेशानी हो सकती है।

ड्यूटी के दौरान भोजन और नाश्ते की मांग

पत्र में 5 से 9 अक्टूबर तक सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है। एसोसिएशन ने कहा कि लंबे समय तक चलने वाली सुरक्षा ड्यूटी के दौरान जवानों के लिए बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करना जरूरी है।

JSCA से शुल्क जमा कराने की मांग

पुलिस एसोसिएशन ने यह भी कहा है कि क्रिकेट मैच एक व्यावसायिक आयोजन है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल पर होने वाले खर्च से संबंधित प्रतिधारण शुल्क नियमानुसार आयोजन संस्था JSCA से जमा कराया जाना चाहिए। एसोसिएशन ने इस दिशा में जिला प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि सरकार को राजस्व का नुकसान न हो।

एसोसिएशन ने अपने पत्र में प्रशासन से अपील की है कि मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के साथ उनकी बुनियादी जरूरतों का भी ध्यान रखा जाए। इससे जवान बेहतर परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारी निभा सकेंगे।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News