रांची: दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर रांची नगर निगम ने सोमवार को पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने की। इस दौरान पूजा पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई, बिजली, पार्किंग और सुरक्षा सहित कई व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
पूजा पंडालों के आसपास सुविधाओं पर मंथन
बैठक में पूजा समितियों की ओर से बिजली के तार और पोल की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, नियमित सफाई और महिलाओं के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया गया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पार्किंग स्थल और ठहरने की व्यवस्था को लेकर भी नगर निगम के अधिकारियों के सामने सुझाव रखे गए।
बारिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए नालियों की सफाई और जलजमाव की समस्या से निपटने पर भी विशेष जोर दिया गया। पूजा के दौरान पंडालों और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने की बात कही गई।
सुरक्षा और आपात व्यवस्था पर भी चर्चा
पूजा समितियों ने पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम के साथ-साथ 24 घंटे आपातकालीन सेवा उपलब्ध रखने का मुद्दा भी बैठक में उठा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र बनाने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई, ताकि भीड़ के दौरान बिछड़ने वाले लोगों को जल्द सहायता मिल सके।
मेयर ने कहा- श्रद्धालुओं की सुविधा प्राथमिकता
मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि करमा पर्व के साथ ही त्योहारों का सिलसिला शुरू हो गया है। दुर्गा पूजा को लेकर पूजा समितियों के साथ बैठक कर उनकी जरूरतों और समस्याओं को समझा गया है। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम स्तर से जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि लोगों की सुविधा और जनहित को ध्यान में रखते हुए पूजा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर काम किया जाएगा।
