Monday, September 21, 2026

Ranchi Airport News: दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर सुविधा, ‘सुगम यात्रा’ पर जोर.

Share

रांची: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए ‘सुगम यात्रा’ पहल के तहत विशेष व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और कम गतिशीलता वाले यात्रियों (PRM) की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्हीलचेयर उपलब्ध करायी गई है।

एयरपोर्ट पर आने वाले जरूरतमंद यात्रियों को टर्मिनल के भीतर आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए सहायता व्यवस्था को बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है। व्हीलचेयर की उपलब्धता के साथ कर्मचारियों के रिस्पांस टाइम की भी जांच की गई, ताकि सहायता मांगने वाले यात्रियों को समय पर सहयोग मिल सके।

यात्रियों से लिया गया फीडबैक

‘सुगम यात्रा’ के तहत एयरपोर्ट टीम ने उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेने के साथ यात्रियों से सीधे बातचीत भी की। इस दौरान यात्रियों की जरूरतों, अनुभवों और सुझावों को समझने का प्रयास किया गया।

प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को एयरपोर्ट परिसर में सहज और सुविधाजनक अनुभव उपलब्ध कराना है। खास तौर पर ऐसे यात्री जिन्हें चलने-फिरने में परेशानी होती है, उनके लिए सहायता सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है।

रिस्पांस टाइम और सुविधाओं की निगरानी

एयरपोर्ट पर व्हीलचेयर की पर्याप्त उपलब्धता के साथ कर्मचारियों द्वारा सहायता उपलब्ध कराने में लगने वाले समय की भी समीक्षा की गई। इससे यह सुनिश्चित करने का प्रयास है कि जरूरतमंद यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने से लेकर टर्मिनल के भीतर आवागमन तक आवश्यक मदद आसानी से मिल सके।

यात्रियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर भविष्य में ‘सुगम यात्रा’ व्यवस्था को और अधिक यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। पहल का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग, बुजुर्ग और कम गतिशीलता वाले यात्रियों के लिए हवाई यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना है।

Read more

Local News