रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार, 4 अगस्त को रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित नेमरा के लुकैया टांड़ में आयोजित होने वाले विकास मेला सह पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे से किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न विभागों की ओर से विकास मेला लगाया जाएगा, जहां आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और आम जनता को सीधे योजनाओं से जोड़ना है।
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने पूरी की तैयारी
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। लोगों की सुविधा के लिए पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात व्यवस्था, पार्किंग और सुरक्षा से संबंधित इंतजाम किए गए हैं।
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त बैठक कर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने कार्यक्रम में तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर दिशा-निर्देश दिए हैं।
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
