रामगढ़: जिले के लोगों को राजस्व मामलों के निपटारे के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष पहल की गई है। रामगढ़ के सभी छह अंचलों में 19 से 21 अगस्त 2026 तक विशेष राजस्व शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों का आयोजन संबंधित अंचल कार्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से किया जाएगा।
शिविर का उद्देश्य दाखिल-खारिज सहित विभिन्न लंबित राजस्व मामलों का तेजी से निपटारा करना और आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत देना है।
छह अंचलों में होगा आयोजन
विशेष राजस्व शिविर गोला, रामगढ़, पतरातू, मांडू, दुलमी और चितरपुर अंचलों में आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने तीनों दिनों के लिए अलग-अलग कार्य निर्धारित किए हैं।
किस दिन कौन से काम होंगे?
19 अगस्त:
पहले दिन 30 दिन और 90 दिन से अधिक समय से लंबित दाखिल-खारिज मामलों पर कार्रवाई की जाएगी। इसमें आपत्ति वाले और बिना आपत्ति वाले दोनों प्रकार के मामले शामिल होंगे।
20 अगस्त:
दूसरे दिन पंजी-II (रजिस्टर-2) में सुधार तथा ऑनलाइन लगान रसीद को अपडेट करने से जुड़े मामलों का निपटारा किया जाएगा।
21 अगस्त:
तीसरे दिन अन्य राजस्व मामलों के साथ आम लोगों की राजस्व संबंधी शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी।
स्वीकृत म्यूटेशन मामलों में भी मिलेगी सुविधा
प्रशासन के निर्देश के अनुसार जिन दाखिल-खारिज मामलों को मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन अभी तक शुद्धि पत्र जारी नहीं हुआ है, उन्हें शिविर के दौरान संबंधित रैयतों को उपलब्ध कराया जाएगा।
ऑनलाइन लगान रसीद से जुड़ी सुविधा के लिए शिविर स्थल पर अलग प्रज्ञा केंद्र/ऑनलाइन काउंटर भी बनाया जाएगा। वहीं, आपत्ति वाले मामलों में नियमानुसार नोटिस जारी कर संबंधित पक्षों की सुनवाई की जाएगी।
अपर समाहर्ता होंगे नोडल अधिकारी
विशेष राजस्व शिविर के सफल संचालन की जिम्मेदारी रामगढ़ के अपर समाहर्ता को नोडल पदाधिकारी के रूप में दी गई है। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को शिविर में लंबित मामलों का नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
लोगों से दस्तावेज लेकर पहुंचने की अपील
जिला प्रशासन ने जिले के सभी रैयतों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी राजस्व संबंधी समस्या के दस्तावेज साथ लेकर संबंधित अंचल कार्यालय में आयोजित शिविर में पहुंचें। प्रशासन का उद्देश्य मौके पर ही अधिक से अधिक मामलों का समाधान कर लोगों को राहत देना है।
