आजकल बजट लैपटॉप खरीदने वालों की सबसे बड़ी शिकायत बैटरी को लेकर रहती है. कम कीमत वाले लैपटॉप में अच्छी बैटरी नहीं मिलती है. स्कूल-कॉलेज के छात्र हों, छोटे कारोबारी हों या घर पर काम करने वाले – उनके लैपटॉप की बैटरी ज्यादा समय तक टिकी रहे ताकि उन्हें कम समय में बार-बार चार्ज न करना पड़ा. Qualcomm ने इसी जरूरत को समझते हुए Snapdragon C Platform पेश किया है, जो खासतौर पर एंट्री-लेवल लैपटॉप के लिए बनाया गया है.
Snapdragon C क्या है और किसके लिए बना है?
Snapdragon C एक नया एंट्री-टियर प्रोसेसर है जिसे क्वालकॉम ने करीब 300 डॉलर यानी लगभग 25,000 रुपये से शुरू होने वाले लैपटॉप के लिए डिज़ाइन किया है. भारत के संदर्भ में देखें तो यह 40,000 से 50,000 रुपये वाले बजट लैपटॉप सेगमेंट में टक्कर देगा, जहां अभी Intel Core 3, AMD Ryzen 3 और Ryzen 5 जैसे चिप्स राज करते हैं.
इस प्रोसेसर का मकसद रोजमर्रा के काम – जैसे वेब ब्राउजिंग, ऑनलाइन क्लासेज, वीडियो कॉल, ऑफिस वर्क और स्ट्रीमिंग को बेहतर और ज्यादा अ्च्छी तरीके से करना है. क्वालकॉम का दावा है कि यह स्मार्टफोन जैसी पावर एफिशिएंसी लैपटॉप में लेकर आएगा, जिससे डिवाइस ठंडी और शांत रहेगी और बैटरी भी लंबे समय तक टिकेगी.
इसमें एक इंटीग्रेटेड NPU यानी न्यूरल प्रोसेसिंग यूनिट भी दी गई है. इसका फायदा यह होगा कि सस्ते लैपटॉप में भी AI फीचर्स मिल सकेंगे – जैसे बेहतर नॉइज़ कैंसलेशन, स्मार्ट वीडियो इफेक्ट्स और दूसरे ऑन-डिवाइस टूल्स.
बाजार में किसे टक्कर देगा?
Snapdragon C की असली ताकत बैटरी लाइफ हो सकती है. Windows बजट लैपटॉप में यह हमेशा से एक कमजोर पहलू रहा है. ARM आर्किटेक्चर पर आधारित होने के कारण यह Intel और AMD के मुकाबले ज्यादा एनर्जी-एफिशिएंट हो सकता है.
इसके अलावा यह उन यूज़र्स के लिए भी एक विकल्प बन सकता है, जो MacBook जैसी बैटरी लाइफ तो चाहते हैं लेकिन विंडोज़ इकोसिस्टम छोड़ना नहीं चाहते. यह क्रोमबुक यूज़र्स को भी पसंद सकता है, क्योंकि Snapdragon C पर चलने वाले लैपटॉप में पूरे Windows ऐप्स का सपोर्ट मिलेगा.
Qualcomm ने Acer, HP और Lenovo जैसे बड़े OEM पार्टनर्स के साथ करार किया है और इस साल के अंत तक इन ब्रांड्स के Snapdragon C लैपटॉप बाजार में आने की उम्मीद है. हालांकि अभी तक विस्तार में स्पेसिफिकेशन और परफॉर्मेंस डेटा सामने नहीं आया है. ऐसे में देखना होगा कि इस चिपसेट वाले लैपटॉप को कितना पसंद करते हैं.


