परफॉर्मेंस-स्पोर्ट्स कार निर्माता कंपनी Porsche ने भारतीय बाजार में अपनी नई जेनरेशन Porsche 911 GT3 को लॉन्च कर दिया है. इसकी लॉन्च के साथ ही कंपनी ने इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी है. 992-सीरीज़ की 911 GT3, टर्बो से ऊपर का टॉप-एंड वर्जन है और ऑप्शनल एक्स्ट्रा के बिना इस कार की शुरुआती कीमत 3.32 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) है.
नई जेनरेशन Porsche 911 GT3 का इंजन
कार में मिलने वाले इंजन की बात करें तो इस कार में नैचुरली एस्पिरेटेड 4.0-लीटर फ्लैट-सिक्स इंजन इस्तेमाल किया गया है, जो 503bhp की पावर और 470Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है. इस इंजन की बदौलत यह कार सिर्फ़ 3.4 सेकंड में 0-100 kmph की रफ़्तार पकड़ लेती है.

दुनिया भर में यह कार मैनुअल गियरबॉक्स के साथ बेची जाती है, लेकिन भारतीय बाजार में इसे स्टैंडर्ड तौर पर PDK गियरबॉक्स के साथ पेश किया गया है. बता दें कि इस स्टैंडर्ड GT3 ने लार्स कर्न की ड्राइविंग में नूर्बुर्गिंग (Nurburgring) ट्रैक पर 6:55.34 का समय दर्ज किया है.

नई जेनरेशन Porsche 911 GT3 के फीचर्स
कार में मिलने वाले स्टैंडर्ड उपकरणों की बात करें तो, इस कार में Porsche की ‘पेंट-टू-सैंपल’ सर्विस के अलावा चुनने के लिए 10 कलर ऑप्शन मिलते हैं. कार में 21-इंच के फोर्स्ड एल्युमीनियम व्हील्स, ब्लैक Race-Tex एलिमेंट्स के साथ GT सिल्वर थीम वाला इंटीरियर थीम मिलता है.

इसके अलावा, कार में फोर-वे इलेक्ट्रिक सीट्स स्टैंडर्ड तौर पर मिलती हैं, जबकि एडेप्टिव सीट्स को ऑप्शनल एक्स्ट्रा के तौर पर जोड़ा जा सकता है. ऑफिशियल कॉन्फ़िगरेटर पर पोर्श की Manthey किट और Weissach पैक के साथ-साथ कई परफॉर्मेंस पार्ट्स को भी कॉन्फ़िगर किया जा सकता है.

भारतीय बाज़ार में इस कार के बेस मॉडल की डिलीवरी इस साल के आखिर में शुरू की जा सकती है, लेकिन कॉन्फ़िगरेशन के आधार पर इसमें बदलाव किया जा सकता है.


