Monday, May 11, 2026

PM मोदी ने लोगों से अपील की कि वे एक साल तक गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचें, ताकि फॉरेन एक्सचेंज आउटफ्लो का दबाव कम हो.

Share

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नागरिकों से अगले एक साल तक गैर-जरूरी सोना न खरीदने की अपील के बाद, सोमवार को प्रमुख गोल्ड ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. इस कदम का उद्देश्य देश के विदेशी मुद्रा भंडार (फॉरेन एक्सचेंज) पर पड़ने वाले दबाव को कम करना है.

विशेषज्ञों का कहना है कि प्रधानमंत्री की इस अपील से सोने के गहनों की मांग में कमी आने की आशंका बढ़ गई है. इससे आने वाले समय में बड़े ज्वेलरी शोरूम्स की बिक्री पर बुरा असर पड़ सकता है. यह स्थिति तब बनी है जब सोने की कीमतें पहले से ही बहुत ज्यादा हैं और आयात के कारण भारत के व्यापार संतुलन पर दबाव बना हुआ है.

रविवार को हैदराबाद में दिए गए अपने भाषण में पीएम मोदी ने नागरिकों से एकजुट होने की अपील की. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय युद्धों और वैश्विक आर्थिक उथल-पुथल के कारण बढ़ती महंगाई और सप्लाई चेन की चुनौतियों का सामना करने के लिए सबका साथ जरूरी है. उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अगले एक साल तक गैर-जरूरी सोना न खरीदें ताकि देश की विदेशी मुद्रा बाहर न जाए. साथ ही, उन्होंने रोजमर्रा के सामानों के लिए भी “मेड-इन-इंडिया” और स्थानीय उत्पादों को चुनने पर जोर दिया.

NSE के अनुसार, आज गोल्ड ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट देखी गई

  • स्काई गोल्ड एंड डायमंड्स लिमिटेड के शेयर आज के मार्केट सेशन में दोपहर 1:20 बजे तक 7.84% गिरकर 499.75 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहा था, जिससे यह 475 रुपये प्रति शेयर के निचले स्तर पर आ गया, जो इसके पिछले बंद भाव 541.25 रुपये प्रति शेयर से कम है.
  • टाइटन कंपनी लिमिटेड के शेयर आज के मार्केट सेशन में दोपहर 1:20 बजे तक 6.06% गिरकर 4234.30 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहा था, जिससे यह 4,150.10 रुपये प्रति शेयर के निचले स्तर पर आ गया, जो इसके पिछले बंद भाव 4,509.00 रुपये प्रति शेयर से कम है.
  • सेनको गोल्ड लिमिटेड के शेयर आज के मार्केट सेशन में 9% गिरकर 332.50 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहा था, जिससे यह 325.05 रुपये प्रति शेयर के निचले स्तर पर आ गया, जो इसके पिछले बंद भाव 365.40 रुपये प्रति शेयर से कम है.
  • थंगमायिल ज्वेलरी लिमिटेड के शेयर आज के मार्केट सेशन में 4.37% गिरकर 4061.00 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहा था, जिससे यह 3,832.10 रुपये के निचले स्तर पर आ गया, जो इसके पिछले बंद भाव 4,246.70 रुपये प्रति शेयर से कम है.
  • कल्याण ज्वेलरी इंडिया लिमिटेड के शेयर आज के मार्केट सेशन में 9.14% गिरकर 386.35 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहा था, जिससे यह 382.10 रुपये के निचले स्तर पर आ गया, जो इसके पिछले बंद भाव 4,24.55 रुपये प्रति शेयर से कम है.

प्रधानमंत्री की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “मोदी जी ने कल जनता से बलिदानों की मांग की-सोना न खरीदें, विदेश न जाएं, कम पेट्रोल का उपयोग करें, उर्वरक और खाना पकाने के तेल में कटौती करें, मेट्रो का उपयोग करें और वर्क फ्रॉम होम करें. ये उपदेश नहीं हैं-ये विफलता के प्रमाण हैं.”

गांधी ने आगे लिखा, “12 वर्षों में, उन्होंने देश को ऐसे मोड़ पर ला खड़ा किया है कि जनता को यह बताना पड़ रहा है कि क्या खरीदना है, क्या नहीं, कहां जाना है और कहां नहीं. हर बार, वे जिम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं ताकि वे खुद जवाबदेही से बच सकें. देश चलाना अब एक समझौतावादी प्रधानमंत्री के बस की बात नहीं रही.”

Read more

Local News