चीन की स्मार्टफोन कंपनी वनप्लस का नाम सुनते ही दिमाग में फ्लैगशिप और प्रीमियम यानी महंगे स्मार्टफोन की झलक पहले आती है. हालांकि, वनप्लस ने पिछले कुछ सालों में नॉर्ड (Nord Series) के तहत मिडरेंज प्राइस सेगमेंट में कई स्मार्टफोन सीरीज को लॉन्च किया है, लेकिन अब वनप्लस बजट प्राइस रेंज में एक नई फोन सीरीज को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जिसका नाम “OnePlus N Series” होगा. इस सीरीज में आने वाले फोन की कीमत 20,000 रुपये से भी कम हो सकती है और इस सीरीज के अंतर्गत वनप्लस अपने सबसे सस्ता फोन लॉन्च कर सकती है.
भारत के एक लोकप्रिय टिप्स्टर योगेश ब्रां के मुताबिक, OnePlus N Series एक नई बजट लाइनअप होगी जिसमें अलग-अलग प्राइस टियर पर कई स्मार्टफोन शामिल होंगे. रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से कुछ फोन 20,000 रुपये से कम में आएंगे, हालांकि यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि पूरी सीरीज़ बजट कैटेगरी में होगी या नहीं. रिपोर्ट के मुताबिक, वनप्लस इस नई फोन सीरीज को जुलाई में लॉन्च कर सकती है.
Nord से अलग होगी N Series
रिपोर्ट के अनुसार, वनप्लस की इस नई फोन सीरीज के बारे में एक दिलचस्प बात सामने आ रही है कि OnePlus N Series वनप्लस के पुराने ब्रांड Nord का हिस्सा नहीं होगा. N Series अपनी एक नई पहचान के साथ आएगा.
हाल ही में लॉन्च हुए OnePlus Nord CE6 Lite की शुरुआती कीमत 22,999 रुपये है. ऐसे में N Series अगर 20,000 से नीचे आती है तो यह Nord से भी किफायती होगी. ब्रांडिंग को लेकर अभी कंपनी ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.
Xiaomi और iQOO से होगा कड़ा मुकाबला
भारतीय स्मार्टफोन मार्केट में सबसे ज्यादा कंप्टीशन 20,000 रुपये से कम प्राइस वाले सेगमेंट में ही होता है. इस सेगमेंट में चीन की स्मार्टफोन कंपनियां जैसे Xiaomi, Realme, iQOO, Vivo, Oppo, Tecno के साथ-साथ साउथ कोरियन कंपनी Samsung और इंडियन कंपनी Lava के फोन्स भी लोगों को काफी पसंद आते हैं और इसलिए इन कंपनियों ने बजट सेगमेंट में मजबूत पकड़ बना रखी है. ऐसे में वनप्लस की नई बजट फोन सीरीज का मुकाबला इन सभी कंपनियों के बजट फोन्स से हो सकता है.
हालांकि, स्मार्टफोन यूज़र्स के नज़रिए से सोचे तो उनके लिए सबसे अच्छी बात यह होगी कि उन्हें 20,000 रुपये से कम पैसा खर्च करके वनप्लस के क्लीन और अच्छे सॉफ्टवेयर यानी OxygenOS को इस्तेमाल करने का मिलेगा. इसके अलावा वनप्लस की ब्रांड वैल्यू भी लोगों को आकर्षित करेगी. अब देखना होगा कि इस प्राइस सेगमेंट में आने वाले फोन में वनप्लस कैसे स्पेसिफिकेशन्स को शामिल करती है.


