Monday, September 14, 2026

रांची में 27 एकड़ निगम भूमि से हटा अतिक्रमण, अब वेंडिंग जोन से लेकर लाइब्रेरी तक की बनेगी योजना.

Share

रांची: राजधानी रांची में नगर निगम की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मुहिम के बाद अब इन भूखंडों के इस्तेमाल की तैयारी शुरू हो गई है। रांची नगर निगम के मुताबिक पिछले एक साल में करीब 27 एकड़ भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया है। अब इन जगहों का सीमांकन, रिकॉर्ड तैयार करने और सुरक्षा के लिए बाउंड्री निर्माण कराया जा रहा है।

नगर निगम की योजना इन जमीनों पर वेंडिंग जोन, पार्क, लाइब्रेरी, आश्रय गृह और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करने की है।

कई इलाकों में हुई कार्रवाई

नगर निगम के अनुसार एदलहातू में करीब 4.8 एकड़, कुसुम बिहार में 78.65 डिसमिल, करमटोली तालाब में 51 डिसमिल, ग्वाला टोली डोरंडा में करीब 1.20 एकड़ और थड़पखना स्थित उर्दू स्कूल की जमीन में लगभग 31.5 डिसमिल भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया है।

इसी तरह बड़ा घाघरा में करीब 2.80 एकड़, डोरंडा मानिटोला में लगभग 5 एकड़, पिंजरा पोखर-गौशाला चौक में 11 डिसमिल, डोरंडा बाजार में करीब 1 एकड़ और बूटी मोड़ चौक के पास लगभग 0.44 एकड़ जमीन को भी कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई की गई है।

इन प्रमुख भूखंडों का कुल क्षेत्रफल करीब 26.96 एकड़ बताया गया है।

सीमांकन के बाद जमीन की होगी सुरक्षा

अतिक्रमण हटाने के बाद नगर निगम ने इन भूखंडों का सीमांकन शुरू किया है। कई स्थानों पर जमीन की सुरक्षा के लिए बाउंड्री निर्माण भी कराया जा रहा है, ताकि दोबारा अवैध कब्जे की स्थिति न बने।

इसके अलावा तुपुदाना में NIFT के आसपास, कांटाटोली बस स्टैंड, बड़गाई और बाधगाड़ी सहित अन्य इलाकों में भी निगम और सरकारी जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई की गई है।

निगम की संपत्तियों पर भी फोकस

नगर निगम ने अपनी महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों को सुरक्षित करने के लिए भी काम शुरू किया है। मोरहाबादी इलेक्ट्रिक सब-स्टेशन, मोरहाबादी रजिस्ट्री कार्यालय, नागा बाबा खटाल MRF सेंटर, ट्रेकर स्टैंड MRF सेंटर और बकरी बाजार स्टोर की जमीन पर सुरक्षा के लिए बाउंड्री निर्माण कराया जा रहा है।

इसके साथ ही धुर्वा, जगन्नाथपुर और खादगढ़ा स्थित आश्रय गृहों की संपत्तियों को भी सुरक्षित करने की प्रक्रिया जारी है।

मोरहाबादी और डोरंडा में बनेंगे वेंडिंग जोन

अतिक्रमण हटाने के बाद निगम इन जमीनों का उपयोग व्यवस्थित तरीके से करने की योजना बना रहा है। मोरहाबादी, बूटी मोड़ और डोरंडा बाजार क्षेत्र में वेंडिंग जोन विकसित करने का प्रस्ताव है।

इसका उद्देश्य सड़क और फुटपाथ पर बेतरतीब तरीके से लगने वाली दुकानों को निर्धारित स्थान उपलब्ध कराना है। इससे शहर में कारोबार करने वाले छोटे दुकानदारों को जगह मिलेगी और यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

मजदूरों के लिए लेबर चौक भी विकसित

नगर निगम के अनुसार दैनिक मजदूरों के लिए डोरंडा बाजार और लोआडीह में लेबर चौक विकसित किया गया है। इसका मकसद मजदूरों को निर्धारित स्थान पर काम की तलाश के लिए जगह उपलब्ध कराना है।

वहीं निगम की अन्य खाली कराई गई जमीनों पर लाइब्रेरी, पार्क, आश्रय गृह और सार्वजनिक उपयोग की सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

अतिक्रमणमुक्त जमीन का सार्वजनिक उपयोग पर जोर

नगर निगम की इस कार्रवाई का अगला चरण जमीन को सुरक्षित रखने के साथ उसका बेहतर सार्वजनिक उपयोग सुनिश्चित करना है। अधिकारियों के अनुसार, सरकारी और निगम की जमीनों को दोबारा अतिक्रमण की चपेट में आने से बचाने के लिए रिकॉर्ड, सीमांकन और संरक्षण की प्रक्रिया को मजबूत किया जा रहा है।

यदि प्रस्तावित योजनाएं जमीन पर उतरती हैं तो अतिक्रमण से मुक्त कराए गए ये भूखंड रांची के नागरिकों के लिए सार्वजनिक सुविधाओं के नए केंद्र के रूप में विकसित किए जा सकते हैं।

Read more

Local News