पलामू: मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) के आसपास संचालित निजी स्वास्थ्य संस्थानों की जांच के दौरान जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के औचक निरीक्षण में नियमों से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आने के बाद छह संस्थानों को सील कर दिया गया।
प्रशासनिक टीम ने निजी क्लीनिकों, जांच केंद्रों और दवा दुकानों में लाइसेंस, पंजीकरण, चिकित्सकों की उपलब्धता, जांच व्यवस्था और मेडिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के पालन की स्थिति देखी।
इन छह संस्थानों पर हुई कार्रवाई
जांच के बाद न्यू पम्मी हेल्थ क्लीनिक, रानी मेडिकल, पाटलिपुत्र जांच घर, जे. शरण जांच घर एवं स्कैनिंग, एमएसडी लैब और अपोलो डायग्नोस्टिक को सील किया गया।
प्रशासन के अनुसार, निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना था कि MMCH के आसपास चल रहे निजी स्वास्थ्य संस्थान आवश्यक नियमों और निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं या नहीं।
एक डॉक्टर के नाम पर दूसरे व्यक्ति ने की जांच
निरीक्षण के दौरान टीम को कुछ संस्थानों में ऐसी स्थिति मिली, जहां मरीज की जांच के लिए जारी पर्ची पर एक चिकित्सक का नाम दर्ज था, जबकि जांच किसी दूसरे व्यक्ति द्वारा की जा रही थी। प्रशासन ने इसे गंभीर मामला मानते हुए संबंधित अधिकारियों को इसकी विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
दवा दुकानों में फार्मासिस्ट की मौजूदगी भी जांची गई
अभियान के दौरान आसपास की दवा दुकानों की भी पड़ताल की गई। कुछ दुकानों पर फार्मासिस्ट की उपस्थिति नहीं मिली। इसके बाद उपायुक्त ने अधिकारियों को फार्मेसी लाइसेंस, उसकी वैधता, फार्मासिस्ट की शैक्षणिक योग्यता और उनकी उपस्थिति से संबंधित दस्तावेजों की जांच करने को कहा।
टीम को देखकर जांच केंद्र का संचालक फरार
निरीक्षण के दौरान MMCH परिसर में संचालित एक जांच केंद्र का संचालक प्रशासनिक टीम को देखकर शटर बंद कर वहां से चला गया। प्रशासन ने इसे भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर निर्धारित नियमों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यक अनुमति के बिना या नियमों का उल्लंघन करते हुए स्वास्थ्य संस्थान चलाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद MMCH के आसपास संचालित निजी क्लीनिकों, जांच केंद्रों और दवा दुकानों में नियमों के अनुपालन को लेकर निगरानी बढ़ने की संभावना है।
