Friday, August 7, 2026

LPG उपभोक्ताओं के लिए जरूरी अपडेट: 15 अगस्त से पहले पूरा करें e-KYC, नहीं तो सब्सिडी पर पड़ सकता है असर.

Share

साहिबगंज: घरेलू एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। गैस कंपनियों की ओर से वितरकों को निर्देश दिया गया है कि सभी उपभोक्ताओं का e-KYC निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए। यदि उपभोक्ता 15 अगस्त तक e-KYC नहीं कराते हैं, तो उन्हें गैस सब्सिडी का लाभ मिलने में दिक्कत आ सकती है और सिलेंडर वाणिज्यिक दर पर उपलब्ध कराया जा सकता है।

जिले में अब तक करीब 60 प्रतिशत उपभोक्ताओं का e-KYC पूरा हो चुका है, जबकि लगभग 40 प्रतिशत उपभोक्ता अभी भी इस प्रक्रिया से नहीं जुड़े हैं। गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि शेष उपभोक्ताओं का सत्यापन अभियान तेज किया जाए, ताकि समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी हो सके।

फिलहाल 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 999 रुपये है। सामान्य श्रेणी के पात्र उपभोक्ताओं को 37 रुपये तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभुकों को 337 रुपये तक की सब्सिडी मिलती है। e-KYC पूरा नहीं होने पर इस लाभ पर प्रभाव पड़ सकता है।

साहिबगंज जिले में करीब 2.60 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें लगभग 73 हजार सामान्य श्रेणी के उपभोक्ता और करीब 1.86 लाख उज्ज्वला योजना से जुड़े लाभुक शामिल हैं। गैस कंपनियां पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर एसएमएस भेजकर भी उपभोक्ताओं को e-KYC कराने के लिए जागरूक कर रही हैं।

सिर्फ पांच मिनट में पूरी हो जाती है e-KYC प्रक्रिया

उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर कुछ ही मिनटों में e-KYC करा सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता संख्या और बायोमेट्रिक सत्यापन की आवश्यकता होती है। इसके अलावा इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम (BPCL) और एचपी गैस (HP Gas) की आधिकारिक मोबाइल ऐप के माध्यम से भी घर बैठे e-KYC की सुविधा उपलब्ध है।

गैस कंपनियों ने सभी उपभोक्ताओं से समय रहते e-KYC पूरा कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में गैस सब्सिडी और घरेलू दर पर सिलेंडर प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Read more

Local News