Tuesday, August 4, 2026

Latehar News: आदिवासी महोत्सव की तैयारियों को लेकर DC ने की समीक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगा आयोजन.

Share

लातेहार: झारखंड आदिवासी महोत्सव के तहत 9 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा कि यह महोत्सव राज्य की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत को सामने लाने का एक महत्वपूर्ण मंच है।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शहर के टाउन हॉल में किया जाएगा, जहां आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान छऊ नृत्य, ट्राइबल फैशन शो, पारंपरिक नृत्य और नागपुरी गीतों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अलावा पारंपरिक आदिवासी व्यंजनों के स्टॉल और ट्राइबल मेला भी लगाया जाएगा, जिससे लोगों को स्थानीय खान-पान और संस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

बैठक में उपायुक्त ने कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। उन्होंने प्रमुख स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट लगाने, एलईडी वैन के जरिए प्रचार करने और रांची में होने वाले मुख्य कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

इस दौरान जिले के शहीदों और जनजातीय महापुरुषों को सम्मान देने के लिए उनकी प्रतिमाओं और स्मारकों पर पुष्पांजलि अर्पित करने का निर्णय लिया गया। संबंधित अधिकारियों को स्मारकों की साफ-सफाई और सजावट की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के आमंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रदर्शनी, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, यातायात और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य तैयारियों पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, आईटीडीए निदेशक सरोजिनी तिर्की, जिला कल्याण पदाधिकारी अनिल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Read more

Local News