Friday, October 9, 2026

Khelo Jharkhand 2026-27: झारखंड में खेलों का महाकुंभ शुरू, फुटबॉल-वॉलीबॉल में 1344 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा.

Share

रांची: झारखंड में स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देने के लिए राज्य स्तरीय खेलो झारखंड 2026-27 प्रतियोगिता के अंतिम चरण की शुरुआत हो गई है। शुक्रवार को अंडर-17 बालक और बालिका वर्ग की फुटबॉल वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं शुरू हुईं। इसमें राज्य के सभी 24 जिलों से कुल 1,344 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) की ओर से किया जा रहा है। फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन खेलगांव के प्रैक्टिस ग्राउंड में राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने फुटबॉल को किक मारकर किया।

फुटबॉल में 768 खिलाड़ी दिखा रहे दम

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में फुटबॉल के 768 खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि वॉलीबॉल में 576 खिलाड़ी अपनी टीमों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। खिलाड़ियों के साथ 192 कोच और मैनेजर भी प्रतियोगिता में भागीदारी निभा रहे हैं।

फुटबॉल के मुकाबले अलग-अलग मैदानों पर आयोजित किए जा रहे हैं। बालिका वर्ग के मैच खेलगांव प्रैक्टिस ग्राउंड में और बालक वर्ग के मुकाबले कांके ग्राउंड में खेले गए।

बालिका फुटबॉल में इन जिलों को मिली जीत

बालिका वर्ग के मुकाबलों में कई टीमों ने जीत दर्ज की। मैचों के परिणाम इस प्रकार रहे:

  • साहिबगंज ने बोकारो को 3-2 से हराया।
  • रामगढ़ ने पश्चिमी सिंहभूम को 2-0 से शिकस्त दी।
  • पाकुड़ ने लोहरदगा को 3-2 से पराजित किया।
  • दुमका ने गिरिडीह को 3-0 से हराया।
  • हजारीबाग ने देवघर को 2-0 से मात दी।
  • सिमडेगा ने धनबाद को 3-0 से हराया।
  • चतरा ने गोड्डा को 1-0 से पराजित किया।

इन मुकाबलों में टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।

बालक फुटबॉल में भी रोमांचक मुकाबले

बालक वर्ग में गिरिडीह ने पश्चिमी सिंहभूम को 2-0 से हराया। देवघर ने कोडरमा को और हजारीबाग ने बोकारो को समान 2-0 के अंतर से पराजित किया। साहिबगंज ने पलामू को 2-1 से शिकस्त दी।

प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में गिरिडीह ने रामगढ़ को 2-0, देवघर ने गढ़वा को 3-0 और गुमला ने बोकारो को 4-3 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

वॉलीबॉल में भी जिलों के बीच कड़ा मुकाबला

वॉलीबॉल प्रतियोगिता हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जा रही है।

बालिका वर्ग में देवघर, धनबाद, गुमला, रामगढ़, बोकारो, गोड्डा, लोहरदगा, गढ़वा और चतरा की टीमों ने अपने मुकाबलों में जीत हासिल की।

वहीं, बालक वर्ग में चतरा, धनबाद, कोडरमा, गोड्डा, लातेहार, जामताड़ा, देवघर और हजारीबाग की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले चरण में प्रवेश किया।

स्कूली खिलाड़ियों को मिल रहा प्रतिभा दिखाने का मंच

खेलो झारखंड के जरिए विभिन्न जिलों के स्कूली खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। फुटबॉल और वॉलीबॉल के मुकाबलों में खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को अनुभव हासिल करने और आगे की खेल प्रतियोगिताओं के लिए अपनी तैयारी मजबूत करने का मौका मिलेगा।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News