रांची: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर चल रहे विवाद के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि TDPL की ओर से आयोजित की गई सभी परीक्षाओं को रद्द किया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक वर्ष 2014 से आयोजित ऐसी परीक्षाओं की भी समीक्षा कर उन्हें रद्द करने का फैसला लिया गया है।
हालांकि, मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान JSSC-CGL का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया। लेकिन उनका यह बयान उस परीक्षा पर भी लागू माना जा रहा है, जिसे लेकर लंबे समय से छात्र आंदोलन कर रहे हैं।
परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए बनेगी कमेटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और गड़बड़ी मुक्त बनाने के लिए IAS अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाएगी। समिति परीक्षा संचालन से जुड़े नियमों और प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव देगी।
सरकार पहले ही 14वीं JPSC परीक्षा और बैकलॉग से संबंधित दो परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला ले चुकी है। ये फैसले JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच लिए गए हैं।
JSSC-CGL परीक्षा को लेकर लगातार उठते रहे सवाल
JSSC-CGL 2023 के तहत कुल 2,025 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा 21 और 22 सितंबर 2024 को आयोजित की गई थी। इसका परिणाम 8 दिसंबर 2025 को जारी हुआ था। उस समय पूर्व डीजीपी नीरज सिन्हा JSSC के अध्यक्ष थे। परीक्षा को लेकर छात्रों के विरोध के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था।
इसके बाद 30 दिसंबर 2025 को सफल उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र भी दिए गए थे। हालांकि परीक्षा में कथित पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं को लेकर छात्रों का विरोध जारी रहा।
छात्रों की प्रमुख मांगों में शामिल थी परीक्षा रद्द करना
JSSC-CGL में कथित गड़बड़ी के आरोपों की जांच और परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों ने आंदोलन किया। छात्रों की मांगों में TDPL द्वारा आयोजित JPSC और JSSC की अन्य परीक्षाओं को रद्द करना भी शामिल था।
सरकार और छात्रों के बीच हुई बातचीत में कई मुद्दों पर सहमति बनी, लेकिन JSSC-CGL रद्द करने और सभी परीक्षाओं की CBI जांच कराने की मांग पर पहले सहमति नहीं बन पाई थी।
सरकार के फैसले के बाद आगे की प्रक्रिया पर नजर
सोमवार को छात्रों के साथ बातचीत के लिए दोपहर 2:30 बजे का समय निर्धारित था। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने TDPL से जुड़ी परीक्षाओं को रद्द करने और नई परीक्षा व्यवस्था तैयार करने के लिए समिति गठित करने की घोषणा की।
अब सरकार की ओर से औपचारिक आदेश और आगे की परीक्षा प्रक्रिया को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाने का इंतजार है।
