Monday, August 17, 2026

धनबाद में मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा, लापरवाही मिलने पर BLO सुपरवाइजर पर होगी कार्रवाई.

Share

धनबाद: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार को धनबाद जिले के कतरास, झरिया और बाघमारा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रगति और जमीनी स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों, बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य की जानकारी भी ली गई।

SIR में लापरवाही पर सख्त रुख

के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची को सही, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या औपचारिकता स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिया कि जिन मतदान केंद्रों पर पुनरीक्षण कार्य में शिथिलता पाई जाएगी, वहां संबंधित BLO सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय की जाएगी। जरूरत पड़ने पर लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

पात्र मतदाता सूची से न छूटें

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे और अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। इसके लिए मतदान केंद्र स्तर पर उपलब्ध दस्तावेजों और मतदाता संबंधी जानकारियों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच करने को कहा गया।

उन्होंने ERO, AERO, अतिरिक्त AERO, BLO और BLO सुपरवाइजर को अपनी जिम्मेदारियां गंभीरता और जवाबदेही के साथ निभाने का निर्देश दिया।

मतदाताओं से लगातार संपर्क रखने का निर्देश

के. रवि कुमार ने BLO और BLO सुपरवाइजर को क्षेत्र में सक्रिय रहने तथा मतदाताओं से नियमित संपर्क बनाए रखने को कहा। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि एक ही परिवार के पात्र सदस्यों के नाम संभव हो तो एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हों।

युवाओं का नाम जोड़ने पर जोर

पात्र युवा भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा-पत्र भरवाने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया।

वहीं, ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम, पता, उम्र या अन्य विवरण में गलती मिलने पर फॉर्म-8 के माध्यम से सुधार कराने को कहा गया।

के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसलिए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्पक्षता और पूरी गंभीरता से पालन करना चाहिए।

Read more

Local News