जामताड़ा: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को जामताड़ा और नाला विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने SIR (Special Intensive Revision) से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों व बीएलओ को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
कई बूथों पर SIR कार्य का लिया जायजा
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 244, 257, 259, 334, 342, 381 और 382 समेत नाला विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।
उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और संबंधित सुपरवाइजरों से मतदाताओं की मैपिंग, सत्यापन और नो-मैपिंग मतदाताओं से संबंधित कार्यों की जानकारी ली।
पात्र मतदाता का नाम न छूटे, अपात्र का नाम न जुड़े
के. रवि कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान पूरी सावधानी बरती जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए और अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए।
उन्होंने SIR प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करें।
24 अगस्त से होगी अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि अनमैप्ड मतदाताओं से जुड़े मामलों की सुनवाई 24 अगस्त से शुरू होगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुनवाई की प्रक्रिया में सभी आवश्यक नियमों का पालन किया जाए और किसी भी योग्य मतदाता के साथ अन्याय न हो।
कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, एसडीओ अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी समेत निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को SIR के तहत अब तक हुई कार्रवाई और आगे की तैयारियों की जानकारी दी।
