रांची: आईएसएफ जिम्नैसियाड-2026 के भारतीय दल में जगह बनाने के लिए झारखंड के तीन स्कूली पहलवान राष्ट्रीय चयन ट्रायल में अपनी दावेदारी पेश करेंगे। अंकुश कुमार यादव, प्रियंका महतो और अनूप कुमार शुक्रवार को हटिया रेलवे स्टेशन से रायपुर के लिए रवाना हुए।
अंडर-18 वर्ग के राष्ट्रीय चयन ट्रायल का आयोजन 20 और 21 सितंबर को छत्तीसगढ़ के रायपुर में किया जाएगा। इसी चयन प्रक्रिया के आधार पर आईएसएफ जिम्नैसियाड-2026 के लिए भारतीय टीम के खिलाड़ियों का चयन किया जाना है।
दिसंबर में ब्राजील में प्रस्तावित है जिम्नैसियाड
आईएसएफ जिम्नैसियाड-2026 का आयोजन 3 से 8 दिसंबर 2026 के बीच ब्राजील के रियो डी जनेरियो में प्रस्तावित है। राष्ट्रीय ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को भारतीय दल में स्थान मिल सकता है।
तीनों पहलवानों के साथ मैनेजर शंभुनाथ और कोच बबलू कुमार भी रायपुर गए हैं। झारखंड के खिलाड़ियों की इस भागीदारी से स्कूली स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलने की बात कही गई है।
‘खेलो झारखंड’ से मिल रहा राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के अनुसार, ‘खेलो झारखंड’ कार्यक्रम के जरिए स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए विद्यालय से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक मंच मिल रहा है।
परिषद ने राष्ट्रीय चयन ट्रायल में हिस्सा लेने जा रहे अंकुश कुमार यादव, प्रियंका महतो और अनूप कुमार को शुभकामनाएं दी हैं।
