नई दिल्ली: अरुण जेटली स्टेडियम में 13 सितंबर को भारत और अफगानिस्तान के बीच प्रस्तावित टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। दिल्ली पुलिस के यातायात विभाग ने दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) को पत्र भेजकर मैच की तारीख आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है।
पुलिस ने इसके पीछे राजधानी में चल रहे BRICS सम्मेलन, वीवीआईपी आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को प्रमुख वजह बताया है। हालांकि, फिलहाल मैच रद्द या स्थगित होने की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। अंतिम फैसला DDCA और संबंधित क्रिकेट अधिकारियों को लेना है।
BRICS सम्मेलन के कारण सुरक्षा व्यवस्था बढ़ी
दिल्ली पुलिस के केंद्रीय क्षेत्र के यातायात उपायुक्त की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया है कि 11 से 13 सितंबर के बीच राजधानी में BRICS सम्मेलन आयोजित हो रहा है। सम्मेलन में भारत और दूसरे देशों से बड़ी संख्या में प्रतिनिधि तथा विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
ऐसे में वीवीआईपी रूट, यातायात नियंत्रण, रूट क्लीयरेंस और डायवर्जन व्यवस्था के लिए पुलिस बल की बड़ी तैनाती पहले से की जा रही है। इसी दौरान क्रिकेट मैच होने से सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की चुनौती और बढ़ने की आशंका जताई गई है।
मैच देखने पहुंच सकते हैं 35 हजार तक दर्शक
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, भारत-अफगानिस्तान मुकाबले के दौरान करीब 25 हजार से 35 हजार दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही से स्टेडियम के आसपास यातायात का दबाव काफी बढ़ सकता है।
अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास डीडीयू मार्ग, बीएसजे मार्ग, मिंटो रोड और कमला मार्केट जैसे इलाकों में मैच के दौरान वाहनों और पैदल लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है।
इसके अलावा बीएसजे मार्ग, माता सुंदरी कॉलेज, राजघाट और बल भवन के आसपास पार्किंग और ट्रैफिक दबाव को लेकर भी पुलिस ने चिंता जताई है।
सुरक्षा के साथ ट्रैफिक संभालना होगी बड़ी चुनौती
यातायात पुलिस का कहना है कि BRICS सम्मेलन के दौरान वीवीआईपी और विदेशी प्रतिनिधियों की आवाजाही के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था करनी होगी। ऐसे में उसी दिन क्रिकेट मैच होने पर अतिरिक्त पुलिस बल की जरूरत पड़ेगी।
मैच के कारण ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, दर्शकों की भीड़ को नियंत्रित करने, आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता उपलब्ध रखने और वीवीआईपी मूवमेंट को एक साथ संभालना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
सम्मेलन के बाद मैच कराने का सुझाव
विशेष पुलिस आयुक्त (यातायात) की मंजूरी के बाद DDCA को भेजे गए पत्र में पुलिस ने सुझाव दिया है कि BRICS सम्मेलन समाप्त होने के बाद मुकाबले के लिए कोई दूसरी उपयुक्त तारीख तय की जाए।
पुलिस का कहना है कि इससे सम्मेलन से जुड़े विदेशी मेहमानों और वीवीआईपी की आवाजाही के साथ-साथ आम लोगों के लिए भी यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
अब सभी की नजर DDCA के अगले कदम और मैच की तारीख को लेकर होने वाले आधिकारिक फैसले पर है।
