हजारीबाग: शहर के मटवारी स्थित गांधी मैदान में नवनिर्मित ओपन जिम का शुभारंभ सोमवार को किया गया। इसका उद्घाटन मेयर अरविंद राणा और उपायुक्त हेमंत सती ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रिया सिंह और सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडे भी उपस्थित रहे।
यह ओपन जिम एक्सिस बैंक के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के सहयोग से तैयार किया गया है। इसके शुरू होने से शहरवासियों को खुले वातावरण में व्यायाम और फिटनेस की सुविधा मिलेगी।
उद्घाटन के अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि यह सुविधा युवाओं के साथ-साथ महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए भी लाभकारी साबित होगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे नियमित रूप से इसका उपयोग करें और सार्वजनिक संपत्ति की देखभाल में सहयोग दें।
एक्सिस बैंक के प्रतिनिधियों ने बताया कि CSR पहल के तहत जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से शहर के अन्य क्षेत्रों में भी ओपन जिम स्थापित करने की योजना है। इससे अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
