Friday, September 25, 2026

Google Photos का Virtual Closet भारत में लॉन्च, AI बताएगा तस्वीरों से तैयार आउटफिट.

Share

हैदराबाद: रोजाना यह तय करने में समय लग जाता है कि आज कौन-से कपड़े पहनें? अब Google Photos का नया Virtual Closet फीचर इस काम को आसान बनाने की कोशिश कर रहा है। AI आधारित यह सुविधा भारत में Android और iOS दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध करा दी गई है। इसकी मदद से फोन में मौजूद तस्वीरों से कपड़ों का डिजिटल कलेक्शन तैयार किया जा सकता है।

इस फीचर में यूजर अपने कपड़ों को अलग-अलग कैटेगरी में देख सकता है और फिर उन्हें मिलाकर नए आउटफिट तैयार कर सकता है। टॉप, बॉटम और ज्वेलरी जैसे विकल्पों के जरिए कपड़ों का चयन किया जा सकता है। यह फीचर शुरुआत में कुछ चुनिंदा बाजारों में उपलब्ध था, लेकिन अब भारत, अमेरिका और ब्राजील में इसका विस्तार किया गया है।

कैसे काम करता है Google Photos का Virtual Closet?

Virtual Closet आपकी पुरानी तस्वीरों को स्कैन करके उनमें नजर आने वाले कपड़ों की पहचान करता है। इसके बाद संबंधित कपड़ों का डिजिटल कलेक्शन तैयार किया जाता है। यूजर अपनी पसंद के कपड़े चुनकर अलग-अलग कॉम्बिनेशन बना सकता है।

फीचर इस्तेमाल करने का तरीका:

  1. फोन में Google Photos ऐप खोलें और सुनिश्चित करें कि ऐप का लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल हो।
  2. होम स्क्रीन या लाइब्रेरी में Virtual Closet/Closet विकल्प तलाशें। विकल्प नहीं दिखने पर सर्च बार में “Closet” लिखें।
  3. पहली बार इस्तेमाल के दौरान ऐप कपड़ों की पहचान के लिए फोटो एक्सेस की अनुमति मांगेगा।
  4. अनुमति मिलने के बाद Google Photos तस्वीरों को स्कैन करके कपड़ों की डिजिटल कॉपी तैयार करेगा।
  5. कपड़ों को Tops, Bottoms और Accessories जैसी कैटेगरी में फिल्टर किया जा सकता है।
  6. पसंद के आइटम चुनकर उन्हें अलग-अलग तरीके से मिक्स एंड मैच करें।
  7. तैयार आउटफिट को सेव करने के साथ शेयर भी किया जा सकता है।

जून से शुरू हुआ था रोलआउट

Google ने इस फीचर की घोषणा इसी साल की शुरुआत में की थी। इसके बाद गर्मियों में इसे धीरे-धीरे यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया। Android यूजर्स को इसका एक्सेस जून से मिलना शुरू हुआ था। अब भारत में iPhone यूजर्स के लिए भी यह सुविधा उपलब्ध है।

Google के मुताबिक, Virtual Closet का इस्तेमाल यूजर की सुविधा के लिए किया गया है। कंपनी का कहना है कि कपड़ों या ड्रेसिंग स्टाइल से जुड़ा डेटा रिटेलर्स जैसी थर्ड पार्टी के साथ साझा नहीं किया जाता।

फोटो एडिटिंग में भी नए बदलाव

Virtual Closet के अलावा Google Photos में अन्य सुधार भी किए गए हैं। Gemini Spark के जरिए अब एक ही प्रॉम्प्ट की मदद से फोटो चुनने, उन्हें ब्राइट करने और शेयर करने की सुविधा दी जा रही है। यह सुविधा फिलहाल अमेरिका में Google AI Pro और Ultra सब्सक्राइबर्स के लिए शुरू की गई है।

इसके साथ ही Google Photos के Markup Tool में भी सुधार किए गए हैं, जिससे फोटो एडिटिंग का अनुभव पहले से बेहतर करने की कोशिश की गई है।

Read more

Local News