रांची: झारखंड सरकार के खान एवं भूतत्व विभाग के भूतत्व निदेशालय ने Geology में स्नातकोत्तर करने वाले छात्रों के लिए आयोजित होने वाली शॉर्ट टर्म ट्रेनिंग के लिए आवेदन की समय-सीमा बढ़ा दी है। अब इच्छुक छात्रों के नाम भेजने की अंतिम तारीख 14 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
यह प्रशिक्षण Geological Investigation यानी भूवैज्ञानिक जांच से संबंधित कार्यों पर केंद्रित होगा। इसके जरिए छात्रों को संबंधित क्षेत्र में व्यावहारिक जानकारी हासिल करने का अवसर मिलेगा।
विश्वविद्यालयों से मांगी गई छात्रों की सूची
निदेशालय के अनुसार, पहले छात्रों की अनुशंसा सूची भेजने की अंतिम तिथि 25 जुलाई थी। अब विश्वविद्यालयों और संबंधित संस्थानों को योग्य एवं इच्छुक छात्रों की सूची 14 अगस्त तक भेजने का समय दिया गया है।
छात्रों के आवेदन के साथ शैक्षणिक योग्यता से जुड़े प्रमाणपत्रों के अलावा, जहां लागू हो, आरक्षण संबंधी दस्तावेज भी उपलब्ध कराने होंगे। संबंधित दस्तावेज भूतत्व निदेशालय में 24 अगस्त 2026 तक जमा कराने होंगे।
इन संस्थानों के छात्र हो सकते हैं शामिल
ट्रेनिंग के लिए राज्य के कई विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के Geology विभाग के छात्र पात्र होंगे। इनमें रांची विश्वविद्यालय, संत जेवियर कॉलेज, विनोबा भावे विश्वविद्यालय, IIT-ISM धनबाद, नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय, कोल्हान विश्वविद्यालय, सिद्धू-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय शामिल हैं।
चयन प्रक्रिया में बदलाव नहीं
भूतत्व निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि केवल आवेदन की समय-सीमा में बदलाव किया गया है। ट्रेनिंग की अन्य शर्तें और चयन प्रक्रिया पहले की तरह ही लागू रहेंगी।
Geology के PG छात्रों के लिए यह प्रशिक्षण विभागीय कार्यप्रणाली और भूवैज्ञानिक जांच से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं को समझने का उपयोगी अवसर हो सकता है।
