Ranchi News: राजधानी रांची स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में 3 से 5 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय यूथ फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीन दिनों तक नियमित कक्षाएं स्थगित रखने का फैसला लिया है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, 3, 4 और 5 नवंबर को सभी विभागों में कक्षाओं का संचालन नहीं होगा। हालांकि, इस दौरान विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यालय और विभाग खुले रहेंगे। परीक्षाएं भी पूर्व निर्धारित समय-सारिणी के मुताबिक आयोजित की जाएंगी।
पीजी नामांकन पर नहीं पड़ेगा असर
यूथ फेस्टिवल के कारण स्नातकोत्तर (पीजी) में दाखिले की प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन का काम जारी रहेगा।
डीन अकादमिक डॉ. नमिता सिंह ने बताया कि विभिन्न विभागों की ओर से जारी पीजी की दूसरी चयन सूची में जगह बनाने वाले अभ्यर्थियों का दाखिला तय समय पर लिया जाएगा। संबंधित विद्यार्थी 3 से 5 नवंबर के बीच विश्वविद्यालय पहुंचकर नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
कार्यालय और परीक्षाएं रहेंगी चालू
विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देश के अनुसार, यूथ फेस्टिवल के तीनों दिन केवल नियमित कक्षाएं स्थगित रहेंगी। कार्यालयों का कामकाज, विभागीय गतिविधियां और परीक्षाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी।
इस संबंध में विश्वविद्यालय के निदेशक जनसंपर्क डॉ. राजेश कुमार सिंह ने जानकारी दी। तीन दिवसीय आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियां की गई हैं।
Bharat Superfast News | Ranchi
