धनबाद: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को लेकर राज्य स्तरीय दिशा समिति (ग्रामीण विकास मंत्रालय) के सदस्य देवेश तिवारी ने शनिवार को धनबाद के सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
देवेश तिवारी ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 के बीच केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण, स्वास्थ्य, आवास, किसानों की सहायता, डिजिटल बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की हैं। उनके अनुसार, इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग तक सरकारी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।
जनधन, आयुष्मान और पीएम किसान का किया उल्लेख
प्रेस वार्ता में उन्होंने प्रधानमंत्री जनधन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत देशभर में 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना को भी केंद्र की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल बताया।
किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का उल्लेख करते हुए तिवारी ने कहा कि योजना के माध्यम से पात्र किसानों को सालाना 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
झारखंड की विकास परियोजनाओं पर भी रखी बात
देवेश तिवारी ने झारखंड में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए देवघर एम्स, देवघर एयरपोर्ट, जल जीवन मिशन, रेलवे के आधुनिकीकरण और सड़क निर्माण जैसी परियोजनाओं को प्रमुख उपलब्धियों में बताया। उन्होंने दावा किया कि राज्य में 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है।
जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर जोर
उन्होंने जनजातीय समुदायों के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं पर भी चर्चा की। पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान को उन्होंने आदिवासी बहुल क्षेत्रों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं में गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उनका कहना था कि सरकार का फोकस विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर है।
प्रेस वार्ता के दौरान मुकेश पांडेय, महंत पांडेय, तमाल राय, आशीष दुबे और हर्ष सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
