वीआईपी के प्रदेश उपाध्यक्ष ने शुक्रवार को जदयू का दामन थाम लिया। पटना स्थित जदयू के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक समारोह में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर उमेश सिंह कुशवाहा ने नीतीश कुमार द्वारा अतिपिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए किए गए कार्यों की सराहना की।
पटना। वीआईपी के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार चंद्रवंशी शुक्रवार को जदयू में शामिल हो गए। जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने उन्हें जदयू की सदस्यता दिलायी।
समारोह में विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता सह कोषाध्यक्ष ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी चंदन कुमार सिंह, डॉ. धर्मेंद्र चंद्रवंशी, व नरेंद्र चंद्रवंशी समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने इस मौके पर कहा कि अतिपिछड़ा समाज के कल्याण और उत्थान को ले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए गए कार्यों की मिसाल पूरे देश में नहीं मिलती।
भाजपा ने हमारे चार विधायक लिए हम उनके 40 एमएलए छीनेंगे : सहनी
दूसरी ओर, विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा है कि भाजपा ने हमारी पार्टी के चार विधायक छीने थे, परंतु हम उनसे उनके 40 विधायक छीन लेंगे। यह सम्मान वापस लेने की लड़ाई है। सहनी शुक्रवार को बापू सभागार में वीआइपी की ओर से फूलन देवी के शहादत दिवस पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बोल रहे थे।


