रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) की सीएसआर पहल ‘CCL विद्यासारथी 2026’ का शुभारंभ रविवार को गांधीनगर स्थित सीसीएल के लाल हॉस्टल में हुआ। इस योजना के तहत रांची केंद्र के 60 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। चयनित छात्रों को अगले दो वर्षों तक JEE और NEET की निःशुल्क तैयारी कराई जाएगी।
10 डीएवी केंद्रों में 400 विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
सीसीएल के कमांड क्षेत्रों में संचालित इस शैक्षणिक पहल के तहत कुल 400 विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाने की योजना है। इसके लिए कुजू, बरकाकाना, ढोरी, गिरिडीह, रजरप्पा, कथारा, रांची, अरगड़ा, हजारीबाग और पिपरवार में स्थित 10 डीएवी प्रशिक्षण केंद्रों का चयन किया गया है।
इस पहल का उद्देश्य कमांड क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है।
विशेषज्ञ शिक्षकों से पढ़ाई, टेस्ट और डिजिटल सपोर्ट
चयनित विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से विषयवार प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ उन्हें अध्ययन सामग्री, डिजिटल लर्निंग सपोर्ट, नियमित टेस्ट एवं मूल्यांकन और निरंतर शैक्षणिक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
रांची में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थी अपने माता-पिता और अभिभावकों के साथ शामिल हुए।
सीसीएल अधिकारियों ने छात्रों को किया प्रेरित
कार्यक्रम में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि सही मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
ये अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सीएसआर) एस. एस. लाल, महाप्रबंधक (कल्याण) संजय कुमार ठाकुर, नेशनल कंप्यूटर साक्षरता मिशन (NCSM) के प्रतिनिधि, सीसीएल के लाल और सीसीएल की लाडली के फैकल्टी सदस्यों समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
