बोकारो: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को चास के सोलागडीह स्थित बाबा बैद्यनाथ वृद्ध आश्रम के पास विकसित गुरुजी वाटिका को नए स्वरूप में लोगों को समर्पित किया जाएगा। सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने के बाद इस परिसर का उद्घाटन किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार शाम उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सभी काम समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने गुरुजी वाटिका और वृद्ध आश्रम परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा को देखते हुए परिसर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखा जाए। इसके लिए चास नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने वृद्ध आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने बुजुर्गों के बीच फल का वितरण किया और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं बेहतर जीवन की कामना की।
प्रशासन के अनुसार, शिबू सोरेन की स्मृति में तैयार की गई गुरुजी वाटिका का उद्देश्य बुजुर्गों को शांत, हरियाली से भरपूर और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही यह स्थान आम लोगों के लिए भी प्रेरणा और आकर्षण का केंद्र बनेगा।
वाटिका का विकास पर्यावरण संरक्षण और सौंदर्यीकरण की सोच को ध्यान में रखकर किया गया है। यहां लोगों को प्राकृतिक वातावरण के बीच समय बिताने का अवसर मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस डॉ. अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चंद्र, चास नगर निगम के महापौर भोलू पासवान, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, उप महापौर पूजा कुमारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
