लातेहार: जिले में होमगार्ड के नए नामांकन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। इसे लेकर शुक्रवार को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराने को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार होगी भर्ती
बैठक में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह सरकार की निर्धारित नियमावली और दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाए। उन्होंने कहा कि चयन के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए तथा सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
पंजीकरण से लेकर शारीरिक परीक्षा तक की समीक्षा
समीक्षा बैठक के दौरान अभ्यर्थियों के पंजीकरण, दस्तावेजों के सत्यापन, शारीरिक दक्षता परीक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और सभी जिम्मेदार अधिकारियों को अपने दायित्व समयबद्ध तरीके से निभाने के निर्देश दिए।
कानून-व्यवस्था और सुविधाओं पर भी रहेगा विशेष ध्यान
उपायुक्त ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियों को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार, गृह रक्षक वाहिनी के कमांडेंट मो. इम्तियाज, गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी श्रेयांश, जिला खनन पदाधिकारी नदीम सफी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


