रांची: झारखंड से राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता बैद्यनाथ राम अपने परिवार के साथ रांची जिले के तमाड़ स्थित प्रसिद्ध मां सोलहभुजी दिउड़ी मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया और राज्य की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की. मंदिर पहुंचने पर पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई.
पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत में बैद्यनाथ राम ने कहा, “यह हमारी आस्था का केंद्र है. हम लोग शुरू से यहां आते रहे हैं. जब भी अवसर मिलता है, मां का आशीर्वाद लेने जरूर आते हैं. राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद मां के दरबार में आकर उनका आशीर्वाद लिया है. मां से यही प्रार्थना है कि जनता की सेवा करने की शक्ति और आशीर्वाद मिलता रहे.”
उन्होंने कहा कि जनता और पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और राज्य के हित से जुड़े मुद्दों को राज्यसभा में मजबूती से उठाएंगे.
बैद्यनाथ राम के साथ तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा भी मंदिर पहुंचे. इस दौरान झामुमो के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे. सभी ने राज्यसभा चुनाव में जीत पर उन्हें बधाई दी और मां सोलहभुजी का आशीर्वाद प्राप्त किया.
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद के मंदिर आगमन को लेकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. बुंडू डीएसपी ओम प्रकाश के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था की गई. वहीं, तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में तैनात रहा, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.


