Monday, June 22, 2026

मानगो क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए NH-33 पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है.

Share

मानगो क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए NH-33 पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है. परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी.

मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. स्थानीय निवासियों को नियमित और शुद्ध पानी मुहैया कराने के लिए मानगो शहरी जलापूर्ति योजना फेज-2 (पार्ट-बी) के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू हो गया है. एनएच-33 से होते हुए यह पाइपलाइन जयपाल कॉलोनी से मुख्य पाइपलाइन तक जोड़ी जायेगी.काम की शुरुआत होते ही मानगो की मेयर सुधा गुप्ता ने अधिकारियों की टीम के साथ कार्यस्थल का निरीक्षण किया और काम की गुणवत्ता जांची.

कई बाधाओं के बाद धरातल पर उतरी योजना

​निरीक्षण के दौरान मेयर सुधा गुप्ता ने बताया कि परियोजना की राह में लंबे समय से कई तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनें आ रही थीं. विशेषकर एनएच-33 के पास पाइपलाइन एलाइनमेंट तय करने के लिए विभिन्न विभागों से तालमेल और मंजूरी की जरूरत थी. लगातार विभागीय समन्वय और जनप्रतिनिधियों के साझा प्रयासों के बाद इन सभी बाधाओं को दूर कर लिया गया है. जिससे अब काम सुचारू रूप से शुरू हो सका है. मानगो क्षेत्र के लिए यह एक बेहद महत्वाकांक्षी और बहुप्रतीक्षित योजना है. इसके पूर्ण होने से क्षेत्र के हजारों परिवारों को पानी की किल्लत से हमेशा के लिए मुक्ति मिलेगी.

​लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, हर चरण की होगी निगरानी

​मेयर ने कार्यस्थल पर मौजूद अभियंताओं और कार्य एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि काम में रफ्तार के साथ-साथ गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए. योजना के हर चरण की नियमित मॉनिटरिंग की जायेगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी.

​जलापूर्ति नेटवर्क होगा मजबूत, मेयर ने मांगी जनता से मदद

​इस योजना के पूरा होने से मानगो के विभिन्न वार्डों का जलापूर्ति नेटवर्क बेहद मजबूत हो जायेगा.मेयर ने कहा कि क्षेत्र में पानी का संकट दूर करना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. साथ ही उन्होंने स्थानीय जनता से अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों के दौरान थोड़ी-बहुत अस्थायी असुविधा होना स्वाभाविक है. इसलिए बेहतर भविष्य और जनहित को देखते हुए नागरिक निगम का सहयोग करें.

​निरीक्षण दल में ये रहे शामिल

​इस मौके पर मुख्य रूप से नगर निगम के सिटी मैनेजर निशांत कुमार, कनीय अभियंता अमित आनंद, तकनीकी पदाधिकारी रूपलाल, कार्यकारी संस्था के प्रतिनिधि सहित अन्य स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.

Table of contents [hide]

Read more

Local News