पिछले कुछ महीनों से स्मार्टफोन कंपनियों ने अपने नए लॉन्च होने वाले फोन्स के साथ-साथ पुराने फोन्स की कीमतों को भी बढ़ा दिया है, जिसका कारण विश्व स्तर पर डेटा सेंटर्स की वजह से हो रही मेमोरी क्राइसिस को बताया जा रहा है. ऐसे में लोगों को कम कीमत में या बजट रेंज में अच्छे स्मार्टफोन मिलने कम हो गए हैं, लेकिन इस बीच वनप्लस ने एक नए बजट फोन का ऐलान किया है, जिसकी कीमत 20,000 रुपये कम हो सकती है.
वनप्लस भारत में बजट सेगमेंट में अपनी एक नई N सीरीज फोन को लॉन्च करने जा रहा है. इस सीरीज का पहला फोन OnePlus N6 है. कंपनी ने इस फोन की आधिकारिक पुष्टि करते हुए इसकी लॉन्च डेट का भी ऐलान कर दिया है. फोन 30 जून को दोपहर 12 बजे लॉन्च किया जाएगा. यह फोन अमेज़न पर बिकेगा और वहां इसका माइक्रोसाइट भी लाइव हो चुका है. OnePlus की नई N सीरीज Nord सीरीज से भी सस्ती हो सकती है. हालांकि, इस वक्त भारत में वनप्लस का सबसे सस्ता फोन Nord CE6 Lite है, जिसकी कीमत 22,999 रुपये से शुरू होती है.
डिज़ाइन और लुक कैसा होगा
वनप्लस ने अभी तक अपने अपकमिंग फोन की पूरी स्पेसिफिकेशन्स नहीं बताई है, लेकिन आधिकारिक टीज़र से फोन का डिज़ाइन सामने आ चुका है. फोन कम से कम दो कलर्स में लॉन्च होगा, जिनमें एक सॉफ्ट मिंट ग्रीन और दूसरा डार्क ग्रे होगा. फोन देखने में काफी साफ-सुथरा लगता है, जैसा कि वनप्लस की हालिया डिज़ाइन फिलॉसफी में भी देखने को मिला है.
फोन का पिछला हिस्सा फ्लैट है और कोने गोलाई लिए हुए हैं. कैमरा मॉड्यूल ऊपर बाईं तरफ रखा गया है जिसमें दो बड़े सर्कुलर रिंग वर्टिकली एक के ऊपर एक रखे गए हैं और उनके साथ एक पिल-शेप्ड फ्लैश यूनिट भी है. वनप्लस का लोगो रियर पैनल के बीचोंबीच है. सामने की तरफ पतले बेज़ल्स और बीच में पंच-होल कैमरा है. कुल मिलाकर, यह फोन देखने में किसी प्रीमियम फोन जैसा ही लगता है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक OnePlus N6 की कीमत 20,000 रुपये से कम रखी जाएगी. अगर ऐसा होता है तो यह कंपनी का अब तक का सबसे सस्ता स्मार्टफोन बन जाएगा. इस कीमत में Redmi, POCO, Lava, Tecno, Vivo, Oppo और Realme जैसे ब्रांड्स भी फोन लॉन्च करते हैं, ऐसे में वनप्लस की टक्कर इन सभी फोन कंपनियों से होगी.
₹20,000 से कम में वैल्यू फॉर मनी
आजकल के स्मार्टफोन यूज़र्स 20,000 रुपये से कम में भी हाई-रिफ्रेश-रेट डिस्प्ले, बड़ी बैटरी, अच्छे कैमरे और लंबे सॉफ्टवेयर सपोर्ट की उम्मीद रखते हैं. ऐसे में वनप्लस के लिए यह एक बड़ी चुनौती होगी कि वह इस बजट में वाकई में वैल्यू फॉर मनी साबित हो.
हालांकि, वनप्लस के लिए सबसे खास बात उनके बजट फोन में मिलने वाला उनका सॉफ्टवेयर OxygenOS, जिसे एंड्रॉयड के सबसे साफ और स्मूद इंटरफेस में से एक माना जाता है. अगर कंपनी इस फोन में भी वैसा ही अनुभव देती है, तो OnePlus N6 बजट रेंज में बाकी कंपनियों के फोन्स को पछाड़ सकता है.
OnePlus और Nothing के को-फाउंडर Carl Pei ने हाल ही में कहा था कि आने वाले सालों में फोन की कीमतें और बढ़ेंगी, ऐसे में 20,000 रुपये से कम में एक OnePlus फोन का आना वाकई में बड़ी बात है.


