Wednesday, June 10, 2026

Ather Energy ने अपने स्कूटर्स के लिए नया ‘Voice on Ather’ फ़ीचर रोल आउट किया है.

Share

 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Ather Energy के CEO तरुण मेहता ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए इस बात की पुष्टि की है कि कंपनी ने जनरेशन-3 और उससे नए स्कूटर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए अपना नया ‘Voice on Ather’ फ़ीचर रोल आउट किया है.

इस फ़ीचर को सबसे पहले ‘Ather Community Day 2025’ के दौरान कंपनी के ‘AtherStack 7’ सॉफ़्टवेयर प्लेटफ़ॉर्म के हिस्से के तौर पर प्रदर्शित किया था, और अब इसे देश भर में स्कूटर मालिकों के लिए रोलआउट कर दिया गया है.

इस फ़ीचर की मदद से राइडर कनेक्टेड ब्लूटूथ हेडसेट या Ather के हेलो स्मार्ट हेलमेट के ज़रिए, आम बोलचाल की भाषा में वॉयस कमांड देकर अपने स्कूटर के कई फ़ंक्शन कंट्रोल कर सकते हैं. कंपनी से मिली जानकारी के अनुसार, यह सिस्टम बोले गए कमांड को समझने के लिए लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) और नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग का इस्तेमाल करता है. इससे राइडिंग के दौरान टचस्क्रीन का इस्तेमाल करने की ज़रूरत कम हो जाती है.

वॉइस कंट्रोल से कौन से फीचर्स होंगे कंट्रोल
वॉइस कमांड का इस्तेमाल नेविगेशन, गाड़ी की सेटिंग्स, कॉन्टैक्ट्स को कॉल करने और मीडिया कंट्रोल के लिए किया जा सकता है. उदाहरण के लिए राइडर्स नेविगेशन फ़ंक्शन का इस्तेमाल करने के लिए ‘घर का रास्ता बताओ’ या Navigate Home, ‘मुझे मनचाही जगह ले चलो’ या Take me to the desired location, या ‘सबसे पास वाला चार्जर कितनी दूर है?’ या How far is the nearest charger? जैसे कमांड दे सकते हैं.

इसके अलावा, वॉइस प्रॉम्प्ट के ज़रिए स्कूटर की सेटिंग्स में भी बदलाव किया जा सकता है, जैसे स्क्रीन की ब्राइटनेस, ट्रैक्शन कंट्रोल मोड और मैजिक ट्विस्ट रीजेन लेवल को कंट्रोल किया जा सकता है.

इसके अन्य फीचर्स के तौर पर कनेक्टेड स्मार्टफ़ोन पर सेव किए गए कॉन्टैक्ट्स पर कॉल करने और मीडिया प्लेबैक को कंट्रोल करने जैसे फीचर्स मिलते हैं. इस फीचर की मदद से यूज़र्स हैंडलबार से हाथ हटाए बिना ही ट्रैक स्किप कर सकते हैं, म्यूज़िक को पॉज़ कर सकते हैं या दूसरे बेसिक ऑडियो फ़ंक्शन इस्तेमाल कर सकते हैं.

Ather Energy का कहना है कि इस फ़ीचर को इस्तेमाल में आसानी को ध्यान में रखकर बनाया गया है, खासकर उन स्थितियों में जहां टचस्क्रीन का इस्तेमाल करना मुश्किल या ध्यान भटकाने वाला हो सकता है. कंपनी का मानना ​​है कि गाड़ी चलाते समय कनेक्टेड गाड़ी के फ़ंक्शंस को कंट्रोल करने के लिए वॉइस-बेस्ड इंटरैक्शन एक ज़्यादा स्वाभाविक तरीका हो सकता है.

यह अपडेट Gen 3 या उससे नए हार्डवेयर वाले Ather 450X, 450 Apex और Rizta Z स्कूटर के लिए है. हालांकि, यह फ़ीचर 450S या Rizta S पर उपलब्ध नहीं है. कंपनी के CEO तरुण मेहता ने यह भी बताया कि डेवलपमेंट का अगला चरण वन-वे वॉइस कमांड से आगे बढ़ेगा, जिससे स्कूटर राइडर्स के साथ प्रोएक्टिव रूप से बातचीत कर सकेगा. इसमें सिस्टम राइडिंग की स्थितियों और गाड़ी की स्थिति के आधार पर अलर्ट, सुझाव और फ़ीडबैक दे सकेगा.

Read more

Local News